निर्माण कार्यों की जांच 15 दिन में होगी

मुरादनगर मुरादनगर श्मशान घाट हादसे के बाद प्रशासन जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर सख्त हो गया है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से उनके यहां पिछले छह माह में पूरे कराए गए निर्माण और निर्माणाधीन कार्यों की अपने स्तर से जांच करके सूची तैयार करने को कहा है। यह रिपोर्ट अगले 15 दिनों में देनी होगी।

जनपद में जीडीए, नगर निगम, आवास विकास, जलनिगम और नगरपालिका विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य कराती हैं। मुरादनगर श्माशान घाट हादसे ने पूरे प्रशासन की पोल खोलकर रख दी है। मामले में प्रदेश सरकार की ही नहीं केंद्र सरकार की भी नजर है। हादसे की जांच में जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसकी गंभीरता के देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों से उनके यहां चल रहे निर्माण कार्यो की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं। निर्माण कार्यों की सूची निरीक्षण करने के साथ तैयार करनी होगी।

शिकायत वाले प्रोजेक्ट पर विशेष नजर : जिन निर्माण कार्यों की शिकायत की गई है उस पर विशेष नजर रखने के लिए कहा गया है। रिपोर्ट में यह भी बताना होगा कि शिकायत का निस्तारण हुआ या नहीं। यदि नहीं तो उसकी वजह भी बतानी होगी।

बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज : श्मशान घाट हादसे के बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ई राजा ने बताया कि सभी प्रमुख आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। बाकी आरोपी संजय गर्ग के रिश्तेदार हैं। कंपनी को काली सूची में डाला: नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने हादसे के आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी की फर्म मैसर्स कृष्णा इंटरप्राइजेज के सभी कार्यों को निरस्त कर दिया है। कंपनी को काली सूची में डाल दिया।