कोहरे से हाईवे और मुख्य मार्गों पर थमी रफ्तार

गाजियाबाद/मोदीनगरसाल के पहले दिन शुक्रवार को घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। कोहरा इतना ज्यादा था कि सड़क पर दूर से आने वाले वाहन नजर नहीं आ रहे थे। इसके चलते जिले से गुजरने वाले हाईवे से लेकर आंतरिक मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिल्ली मेरठ मार्ग पर तो सुबह आठ बजे से ही लंबा जाम लग गया, जो देर शाम तक रहा। इसके चलते दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गाजियाबाद में इस सीजन में शुक्रवार को सबसे घना कोहरा था। सुबह के समय दृश्यता शून्य थी। हालांकि दिन में सूरज की किरण नजर आई, लेकिन ठंड बरकरार रही। सुबह कोहरा होने के कारण हाईवे सहित अन्य आंतरिक मार्गों पर वाहनों की गति धीमी हो गई, जिससे एनएच-9, जीटी रोड, हापुड़ रोड, पुराना बस अड्डा आदि मार्गों पर जाम लग गया। हर तरफ सड़कों पर जाम लगने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग समय से दफ्तर नहीं पहुंच सके।

वहीं, दिल्ली मेरठ मार्ग पर कोहरे के कारण सुबह आठ बजे से जाम लगना शुरू हुआ। देखते ही देखते वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सबसे पहले मोदी शुगर मिल कट के सामने जाम लगना शुरू हुआ। इससे अबूपुर कट से लेकर कादराबाद तक पांच किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई। दिल्ली और उत्तराखंड जाने वाले राहगीरों के साथ-साथ ड्यूटी जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा गंगनहर पुल से लेकर आयुध निर्माण फैक्टरी गेट के सामने तक जाम लगा रहा। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जाम को देखते हुए जगह-जगह पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।