गाजियाबाद हादसे पर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले-16 लाख की दलाली खाकर मौत की छत का निकाला गया टेंडर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान स्थल पर दो दर्जन से ज्यादा मौतें विचलित करने वाली हैं। अक्तूबर में बनाई गई छत जनवरी में ढह गई। भाजपा राज में भ्रष्टाचार की यह निंदनीय घटना है, जिससे सरकार अपने दाग नहीं बचा सकती है। 

उन्होंने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि अब यह बात तो साफ हो गया है कि 16 लाख की दलाली खाकर मौत की छत का टेंडर निकाला गया। इसके उद्घाटन के शिलालेख पर मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री का नाम है। भाजपा सरकार के इस जानलेवा अपराध को जनता माफ नहीं करेगी। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरों टालरेंस का दावा करने वाली भाजपा सरकार मुरादनगर, गाजियाबाद के साथ पूरे राज्य में भ्रष्टाचार में सराबोर है।

उन्होंने कहा कि मुरादनगर की दर्दनाक घटना की जांच के लिए सपा की 10 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी गुरुवार को मुरादनगर जाकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना देगी और दुर्घटना की जांच करेगी। इसमें शहिद मंजूर, रफीक अंसारी, राकेश यादव, आशुमलिक, राशिद मलिक, विनोद सविता, रमेश प्रजापति, चौधरी राजपाल सिंह, अतुल प्रधान और वीर सिंह शामिल हैं।

गौरतलब है कि रविवार की सुबह मुरादनगर के बंबा रोड स्थित श्मशान में बना नवनिर्मित बरामदा पहली बरसात में ही धराशायी हो गया था। हादसे के वक्त बरामदे में करीब 60 लोग मौजूद थे। इसमें अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल हैं। बुधवार को ही सीएम योगी ने मामले की एसआईटी जांच का आदेश दिया है। घटना में शामिल गिरफ्तार लोगों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है।