पांच रुपए थमाकर आरव को गोद में ले गया था किडनेपर, आरोपी का सुराग नहीं

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

डेढ़ साल का आरव घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक व्यक्ति उसको गोद में उठाकर ले गया था। बच्चा सकुशल मिल गया है। - Dainik Bhaskarडेढ़ साल का आरव घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक व्यक्ति उसको गोद में उठाकर ले गया था। बच्चा सकुशल मिल गया है।

गाजियाबाद के कड़कड़ मॉडल इलाके से अगवा हुआ डेढ़ साल का मासूम आरव महज 24 घंटे में सकुशल बरामद हो गया। ब्रजविहार इलाके में पब्लिक को वो संदिग्ध अवस्था में सड़क पर रोता मिला, जिसके बाद पुलिस और परिजन वहां पहुंच गए। CCTV कैमरे में जो शख्स बच्चे को गोद में उठाकर ले जाता दिख रहा था, उसका कुछ पता नहीं चला है। संभवत: पुलिस घेराबंदी के चलते वो बच्चे को छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।


कड़कड़ मॉल से घर के बाहर खेलते वक्त हुआ था अपहरण
लिंक रोड थाना क्षेत्र में कड़कड़ मॉडल निवासी प्रशांत सिंह इंडियन रोल कंपनी में बतौर मशीनमैन तैनात है। प्रशांत के दो बच्चे हैं। 31 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे डेढ़ साल का बेटा आरव उर्फ किट्टू घर के बाहर खेल रहा था। आरव की मां किरन घर के अंदर झाडू लगा रही थीं। कुछ देर बाद वो बाहर आईं तो उन्हें बच्चा मौजूद नहीं मिला। एक पड़ोसी ने बताया कि अनजान शख्स पांच रुपए देकर बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया था। पड़ोसी को लगा कि वो शख्स बच्चे का रिश्तेदार होगा, इसलिए इस बात पर ज्यादा गौर भी नहीं किया। मामले में लिंक रोड थाने में अपहरण की FIR दर्ज हुई और पुलिस की दो टीमें बच्चे की तलाश में जुटी थीं।

ब्रजविहार फाटक के नजदीक सड़क पर मिला बच्चा
SP सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया, मंगलवार रात 8 बजे ब्रजविहार फाटक के पास काफी भीड़ इकट्ठा थी। पुलिस जब वहां पहुंची तो लोग एक बच्चे से बातचीत कर रहे थे। पुलिस जांच में बच्चे की पहचान आरव के रूप में हुई। बच्चे को सकुशल बरामद करके उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बच्चे का अपहरण हुआ या वो स्वयं से गायब हुआ, इसकी जांच की जा रही है। अगर बच्चे के साथ किसी तरह का क्रिमिनल एक्ट हुआ है तो आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।

बच्चे के पिता बोले- CCTV में दिखा है आरोपी
आरव के पिता प्रशांत ने बताया, हमारे घर से कुछ ही दूरी पर एक स्कूल है। स्कूल के बाहर CCTV कैमरे लगे हैं। इसकी फुटेज देखी गई तो नशेड़ी जैसा शख्स मेरे बेटे को गोद में उठाकर ले जाता हुआ दिखा। हमने इससे पहले इस आरोपी को आसपास इलाके में कभी नहीं देखा। कैमरे की फुटेज में उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा था। प्रशांत ने बताया, बच्चा मम्मी-पापा के सिवाय कुछ नहीं बोल पाता है। ऐसे में किडनेपर के बारे में अभी कोई और जानकारी नहीं मिल पाई है।