फैजाबाद कैंट का नाम बदला, अब होगा अयोध्या कैंट; रक्षा मंत्रालय ने दी मंजूरी

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

रक्षा मंत्रालय ने फैजाबाद कैंट का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने की मंजूरी दी।

अयोध्या, संवादसूत्र। सांसद लल्लू सिंह की कोशिश रंग लाई। उनके प्रयास का नतीजा है कि अब छावनी परिषद कार्यालय फैजाबाद के बजाय अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। इसको लेकर सांसद ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया था, जिसे रक्षामंत्री ने मान लिया है। रक्षामंत्री ने विजयदशमी पर्व की पूर्व संध्या पर यहां के लोगों को सौगात दे दी। रक्षामंत्री ने आदेश निर्गत कर दिया।


रक्षा मंत्री राजनाथ ने जीता द‍िल 

सांसद ने बताया कि दो दिन बाद शासनादेश जारी कर दिया जाएगा। सांसद ने बताया कि फैजाबाद रेलवे स्टेशन का नाम अयोध्या कैंट होने के बाद जनता ने छावनी परिषद फैजाबाद का नाम भी अयोध्या किए की मांग की थी। यहां की जनता की अपेक्षा को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पूरा कर यहां के लोगों का दिल जीत लिया है।

रक्षा मंत्रालय ने दी मंजूरी 

लखनऊ से सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को बताया कि फैजाबाद कैंट का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे पहले अक्टूबर 2021 को, उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्र की मंजूरी के बाद फैजाबाद रेलवे जंक्शन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने की घोषणा की। उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाम बदलने को मंजूरी दी थी।

यूपी सरकार ने बदला नाम

यूपी सरकार ने नवंबर 2018 में फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया था। उसी साल अक्टूबर में योगी सरकार ने इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया। इससे पहले जून 2018 में भारतीय रेलवे के सबसे व्यस्त जंक्शनों में से एक मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया था