मुरादनगर में 'आप' ने निकाली जनआक्रोश पदयात्रा:सरकारी स्कूलों के लिए विशेष राहत पैकेज जारी करने और महंगाई कम करने की मांग

 क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

गाजियाबाद में पदयात्रा के बाद मुरादनगर नगर पालिका ईओ को ज्ञापन देते आप पदाधिकारी। - Dainik Bhaskar
गाजियाबाद में पदयात्रा के बाद मुरादनगर नगर पालिका ईओ को ज्ञापन देते आप पदाधिकारी
आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को कस्बा मुरादनगर में जनआक्रोश पदयात्रा निकाली। शिक्षा के गिरते स्तर, हाउस टैक्स वृद्धि और फसलों की क्षतिपूर्ति आदि चीजों को लेकर पदाधिकारियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। 'आप' जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा, उत्तर प्रदेश के अंदर सरकारी स्कूलों की जो तस्वीर बदलनी चाहिए थी, वो आजादी के बाद भी नहीं बदली। पड़ोसी राज्य दिल्ली में सरकारी स्कूलों की दशा-दिशा दोनों बदली है और पूरे देश के सामने रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत है। 

हमारी मांग है कि सरकारी स्कूलों के लिए विशेष पैकेज दिया जाए और पूरा काम ईमानदारी से किया जाए। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बिट्टू त्यागी ने कहा कि लॉकडाउन के बाद बढ़ती महंगाई ने आम जनमानस की हालत बद से बदतर कर दी है। रसोई गैस, पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि का असर आमजन पर पड़ा है। नगर अध्यक्ष इकराम अंसारी ने कहा, प्रदेश की गरीब जनता को कैसे महंगाई से निजात मिले, इसके लिए भी हम प्रदेश सरकार से मांग करते हैं। जनाक्रोश पदयात्रा नगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए नगर पालिका परिषद पर ज्ञापन देकर संपन्न हुई। इस अवसर पर महासचिव मोहित चौधरी, रजनेश तेवतिया, पंकज शर्मा, अनुरुदीन इदरीश, मनोज त्यागी, हर्षित, श्रवण, सुनील, रहिसुदीन, अनवर आदि मौजूद रहे।