जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यालयों और सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण किया

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141



गाजियाबाद, 
आशीष वाल्डन
। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यालयों और सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण किया। डीएम राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण में लोनी, मोदीनगर, पतला, निवाड़ी, डासना और फरीदनगर के अधिशासी अधिकारी कार्यालय से नदारद मिले। लोनी नगर पालिका में 920 में से सिर्फ 277 सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर मिले। अन्य नगर निकायों में भी अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित मिले।

लोनी में एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने औचक निरीक्षण किया। यहां अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित मिले। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी खराब मिली। इसके बाद उन्होंने विकास कुंज कॉलोनी स्थित शेल्टर हाउस का निरीक्षण किया। यहां एक व्यक्ति बीमार मिला। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद वह एसएलएफ वेद विहार कॉलोनी स्थित गोशाला में पहुंची। यहां उन्हें दो पशु बीमार मिले। जिनके इलाज करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे नाला निर्माण पर भी नाराजगी जताई।
नगर पालिका मोदीनगर में भी अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित मिले। यहां सफाई निरीक्षक ड्यूटी पर मिले, लेकिन 22 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मुरादनगर में अधिशासी अधिकारी तो मौजूद मिले, लेकिन सफाई निरीक्षक बिना छुट्टी लिए नदारद रहे। यहां 258 में से 241 कर्मी काम पर मिले। नगर पंचायत पतला में 44 सफाई कर्मियों में से 23 उपस्थित मिले। नगर पंचायत निवाड़ी में 62 सफाई कर्मियों में से 22 काम पर पाए गए। सफाई निरीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। नगर पंचायत डासना और फरीदनगर में अधिशासी अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने भविष्य में औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।