400 करोड़ के लोन घोटाले में लोन माफिया लक्ष्य तंवर की पुलिस साढ़े 12 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति कुर्क

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

गाजियाबाद, आशीष वाल्डन400 करोड़ के लोन घोटाले में लोन माफिया लक्ष्य तंवर की पुलिस साढ़े 12 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की संपत्ति कुर्क कर चुकी है। अब पुलिस मामले में लिप्त बैंक अधिकारियों की संपत्ति को भी कुर्क करेगी। इसके लिए पुलिस ने बैंक अधिकारियों की नामी-बेनामी संपत्ति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बैंक अधिकारियों के दूसरे प्रदेशों के रहने वाले होने के कारण पुलिस को संपत्ति तलाशने में परेशानी हो रही है।



लेकिन संपत्ति को जल्द कुर्क किया जाएगा।बता दें कि 400 करोड़ रुपये के लोन घोटाले में लोन माफिया लक्ष्य तंवर समेत उसके सहयोगियों व बैंक अधिकारियों पर 40 एफआइआर दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से 15 मामलों में पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है। चार्जशीट में लक्ष्य तंवर, उसका पिता अशोक कुमार, साथी वरुण त्यागी, शिवम, पीएनबी के तीन प्रबंधक रामनाथ मिश्रा, प्रियदर्शनी व उत्कर्ष कुमार शामिल हैं। वर्ष 2012 से घोटाले की शुरुआत हुई थी।

इस मामले में पुलिस 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से तीन बैंक अधिकारी भी शामिल हैं। जबकि इस घोटाले में अभी दो बैंक कर्मी समेत छह आरोपित फरार हैं। बाकी 25 मामलों में पुलिस अभी चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी है। इन मामलों में भी पुलिस जल्द शार्जशीट दाखिल करेगी। पुलिस ने लक्ष्य तंवर व बैंक अधिकारियों समेत 12 आरोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।

आरोपितों ने दूसरों की संपत्तियों के दस्तावेज व फर्जी दस्तावेज तैयार कर 400 करोड़ कीमत के लोन लिए थे। यह काम बैंक अधिकारियों की सांठगांठ से किया गया था। बैंक अधिकारी घोटाले के दौरान गाजियाबाद में तैनात थे, लेकिन बाद में उनका ट्रांसफर आगरा हो गया था। लक्ष्य ने आगरा में भी फर्जीवाड़ा किया और फर्जी दस्तावेजों पर लोन पास कराए।

चार इनामी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी पुलिस

पुलिस ने पूर्व में पांच आरोपितों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनमें लक्ष्य तंवर के सहयोगी दक्ष बग्गा, विशेष बहल, सूरज कालरा, राजरानी कालरा व सुनील अरोड़ा शामिल हैं। पुलिस ने पूर्व में सुनील अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन बाकी चार इनामी आरोपितों को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

दो बैंक अधिकारी भी हैं अभी फरार

मामले में दो बैंक अधिकारी तारिक हसन व संजय अभी फरार हैं जबकि तीन अधिकारियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

  • सभी मामलों में जांच अभी जारी है। फरार आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही बैंक अधिकारियों की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। पुलिस आरोपितों की नामी-बेनामी संपत्ति की तलाश में जुटी है।
  • निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी प्रथम