पीएम मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

PM Narendra Modi Birthday: पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर जिलों में होगी सेवा की प्रतिस्पर्धा
लखनऊ,  वन्दना गोविल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन (PM Narendra Modi Birthday) भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने इस बार अलग तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। इस विशेष अवसर पर जनता को सेवा कार्यों की प्रेरणा मिले, इसलिए पीएम मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती यानी दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा।

यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक तो होंगे ही, इसके साथ ही सेवा कार्यों की प्रतिस्पर्धा भी होगी। राष्ट्रस्तरीय इस प्रतिस्पर्धा में जिलों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इनकी रूपरेखा पर सोमवार को प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने बैठक की।


पार्टी मुख्यालय में सभी प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ वर्चुअल बैठक की गई। इसमें सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। यह भी तय हुआ कि सात और आठ सितंबर को क्षेत्र स्तर पर, 11 और 12 सितंबर को जिला स्तर पर और 14 व 15 सितंबर को मंडल स्तर पर सेवा पखवाड़ा को लेकर बैठकें होंगी, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन भी जाएंगे।

राधा मोहन सिंह का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन जनसेवा के लिए समर्पित है, इसलिए उनका जन्मदिन पर लोगों को सेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पखवाड़ा के दौरान लगभग एक दर्जन गतिविधियां होंगी। रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधारोपण आदि को लेकर जिलों की प्रतिस्पर्धा होगी। राष्ट्रीय स्तर पर भी जिलों को चिन्हित कर पुरस्कृत किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 20 वर्षों का मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सेवा और सुशासन को समर्पित कार्यकाल गरीबों के कल्याण एवं भारत को वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने पर केंद्रित रहा है। सेवा पखवाडे़ के तहत बूथ स्तर तक सेवा व अन्य विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। कार्यक्रमों के लिए जिला व मंडल स्तर पर योजनापूर्वक काम करना होगा। प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी जनसरोकार के कार्यों से जुडे़गी।

तय हुए ये कार्यक्रम

  • 'नरेन्द्र मोदी : व्यक्तिव एवं कृतित्व' विषय पर जिला स्तर पर प्रर्दशनी
  • स्टाल लगाकर मोदी@20 सहित मोदी के व्यक्तित्व व प्रशासनिक कार्यकुशलता से जुडे़ विषयों पर आधारित पुस्तकों का वितरण
  • युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 'रक्तदान महादान' के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर लगाएंगे।
  • प्रत्येक जिले में निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे और दिव्यांगों को कृत्रिम अंग और उपकरणों का वितरण
  • कोविड की बूस्टर डोज के लिए टीकाकरण केंद्रों पर स्टाल लगाकर जनता को जागरूक किया जाएगा।
  • सभी बूथों पर पौधारोपण अभियान
  • मंडल स्तर पर दो दिन स्वच्छता अभियान
  • जल ही जीवन के मंत्र के साथ जल संरक्षण व संवर्धन के लिए जागरुकता कार्यक्रम
  • भारत की विविधता में एकता का उत्सव मनाकर 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का समाज को संदेश
  • आत्मनिर्भर भारत की सफलता की कहानी वोकल फार लोकल को भी हर वर्ग तक पहुंचाना
  • प्रत्येक जिले में प्रबुद्धजन एवं बुद्धिजीवी सम्मेलन कर प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, विजन एवं उपलब्धियों पर चर्चा
  • केंद्र सरकार द्वारा गरीब, शोषित, वंचित एवं किसानों की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था व विश्व में देश के बढ़ते हुए मान-सम्मान के लिए प्रधानमंत्री मोदी को योजनाओं के लाभार्थियों द्वारा अभिनंदन पत्र भेजे जाएंगे
  • गांधी जयंती पर कार्यकर्ता 'स्वदेशी से स्वावलंबी भारत का निर्माण' तथा 'खादी : सादगी एवं स्वच्छता के लिए' विषय पर जागरुकता अभियान।