श्रीकांत त्यागी न केवल भाजपा का सक्रिय सदस्य है बल्कि किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पदाधिकारी भी रहा है

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141


गाजियाबाद. नोएडा के सेक्टर 93बी ओमेक्स ग्रांड सिटी में महिला के साथ अभद्रता और गाली-गलौच करने के बाद फरार भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को लेकर भाजपा भले ही यह दावा कर रही है कि वह पार्टी व पार्टी के किसी भी प्रकोष्ठ का सदस्य नहीं रहा है, लेकिन हकीकत इससे अलग है। श्रीकांत त्यागी न केवल भाजपा का सक्रिय सदस्य है बल्कि किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पदाधिकारी भी रहा है।



भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी दो सूची हाथ लगी हैं। 27 अगस्त 2018 को जारी पहली सूची पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी व किसान मोर्चा के तत्कालीन कोषाध्यक्ष सुधीर त्यागी द्वारा जारी की गई हैं। इस सूची के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त के द्वारा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की 21 सदस्यीय टीम में दूसरे नंबर पर मौजूद श्रीकांत को उत्तर प्रदेश के सहसंयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। दूसरी सूची किसान मोर्चा के वर्ष 2017-2019 के कार्यकाल के लिए जारी हुई, जिसमें 194 नंबर पर श्रीकांत त्यागी का नाम किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दर्ज है। इसमें श्रीकांत त्यागी का पता गाजियाबाद के सिहानी का दर्शाया गया है। यही नहीं श्रीकांत त्यागी के फेसबुक पेज पर उसने खुद को भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का संयोजक घोषित कर रखा है। उसने अपने फेसबुक पेज पर प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के लगभग सभी नेताओं के साथ अपनी फोटो पोस्ट कर रखी हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि एक ओर भारतीय जनता पार्टी का सोशल मीडिया विभाग इतना अधिक मजबूत है कि दूसरे दलों से भी खोजकर काम की चीजें निकाल लाता है। ऐसे में अगर पार्टी से बाहर का व्यक्ति खुद को पदाधिकारी बताकर बड़े नेताओं के साथ फोटो खिचवाकर वाहवाही लूटता रहा और धौंस जमाता रहा तो किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी।