मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर पश्चिम के जिलों को मथना शुरू

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

योगी के सहारे पश्चिम से पूरब जीतने की ओर चली भाजपा
गाजियाबाद लोकसभा चुनाव 2024 का सेमीफाइनल माने जा रहे नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर पश्चिम के जिलों को मथना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने आ रहे मुख्यमंत्री के इस दौरे में पिछले विधानसभा चुनाव की झलक दिख रही है। 

मुख्यमंत्री यहां न केवल विकास परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाएंगे बल्कि जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में निकाय चुनाव के संभावित दावेदारों को भी परखेंगे। नवंबर- दिसंबर में हो सकते निकाय चुनाव उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव नवंबर-दिसंबर में हो सकते हैं। समाजवादी पार्टी ने निकाय चुनाव के लिए पूरे प्रदेश में मंडल स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है, वहीं बसपा भी इस बार चुनाव में हाथ आजमा सकती है। विरोधी दलों से एक कदम आगे जाते हुए भाजपा ने पहले जुलाई माह में पूरे प्रदेश में बूथ जोड़ो अभियान चलाया और अब संगठन और सरकार के नुमाइंदे जिले-जिले में जाकर किलेबंदी मजबूत करने में जुटे हैं। विधानसभा चुनाव 2022 की तरह इस बार भी पश्चिम की कमान स्वयं योगी आदित्यनाथ ने संभाली है। पश्चिम के मंडलों में जिलों का भ्रमण करने निकले योगी के दौरे को चुनावी तैयारियों के अगले कदम के रूप में देखा जा रहा है। भूपेंद्र की ताजपोशी बदलेगा पश्चिम में माहौल वरिष्ठ पत्रकार आलोक पुराणिक कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने बड़े सलीके से अपने ऊपर से सवर्णों की पार्टी होने का ठप्पा अब हटा दिया है। यही कारण है कि बसपा-सपा और कांग्रेस का परंपरागत वोट भी भाजपा की ओर आकर्षित हुआ है। वह कहते हैं कि पिछले साल हुए कृषि कानून विरोधी आंदोलन की आड़ में जाट समुदाय को उकसाने का प्रयास किया गया था। अब भाजपा ने जाट समुदाय से ही आने वाले चौधरी भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदारी देकर न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश को साधा है बल्कि आने वाले समय में दूसरे प्रदेशों में भी इसका असर देखने को मिलेगा। वह कहते हैं कि रालोद-सपा गठबंधन पर भी इसका असर देखने को मिलेगा। सही मायने में कहें तो भाजपा ने अभी से 2024 के लिए हुंकार भर दी है और योगी के पश्चिम उत्तर प्रदेश के दौरों से इसकी शुरूआत हो रही है।