क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

लोनी : नवजीवन अस्पताल संचालक राहुल त्यागी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर से सांसद डा. महेश शर्मा को जान से मारने की धमकी दी है। चाकू लेकर बैठे आरोपित का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोनी की कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज की ओर से आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई और उसे अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित राहुल त्यागी का बंथला फ्लाईओवर के पास नवजीवन अस्पताल है। रविवार को उसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें वह चाकू लेकर बैठा दिखाई दे रहा है। वह बार-बार अपने सीने पर चाकू चलाकर त्यागी होने की बात कहता दिखाई दे रहा है। उसने नोएडा सांसद डा. महेश शर्मा के खिलाफ अपशब्द बोलते हुए जान से मारने की धमकी दी। वह अपनी वीडियो को ज्यादा से ज्यादा वायरल करने की अपील करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान पास खड़े एक व्यक्ति ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने व्यक्ति को चुप करवा दिया। मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। दोनों जिलों की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी लोनी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपित राहुल त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।