कनौजा गांव के जंगल में मुठभेड़ के बाद 20 हजार के इनामी को गिरफ्तार

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 9837117141

मुठभेड़ में 20 हजार का इनामी गिरफ्तार, एक फरार
मुरादनगर : कनौजा गांव के जंगल में पुलिस ने रविवार रात को मुठभेड़ के बाद 20 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। उसका एक साथी मौका पाकर फरार हो गया। आरोपित के पैर में गोली लगी है। उसको गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से आरोपित की एक बाइक, तमंचा व गोवंश को काटने के हथियार बरामद हुए हैं।

एसपी देहात डा. ईरज राजा ने बताया कि कनौजा गांव में पहले भी एक बार गोवंश की हत्या का मामला सामने आया था। रविवार रात को भी मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक पर सवार होकर कुछ लोग गोवंश की हत्या करने के लिए कनौजा गांव के जंगल में जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने मुकाबला करते हुए दोनों को घेर लिया। इसी बीच एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जबकि दूसरे को घेरकर पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित के पैर में एक गोली लगी है। मौके से बाइक बरामद हुई है। इसके अलावा एक तमंचा, गोवंशी को काटने के हथियार भी बरामद हुए हैं। आरोपित ने पूछताछ में अपना नाम शाबाज निवासी मुरलीपुर, थाना कंकरखेड़ा जिला मेरठ बताया है। उसका एक साथी इकरार फरार हो गया। आरोपित ने बताया कि वह गोवंश के मांस को दिल्ली में सप्लाई करता था। उसके विरुद्ध विभिन्न मामलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित पर 20 हजार का इनाम भी घोषित है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।