क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
देश के 15वें राष्ट्रपति के नाम पर मुहर लग चुकी है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। तीसरे राउंड की गिनती के बाद ही द्रौपदी मुर्मू ने जीत दर्ज कर ली है। द्रौपदी मुर्मू को लेकर भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि उनका कार्यकाल बहुत सफल होगा। विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 261062 के मूल्य वोट प्राप्त हुए, जबकि मुर्मू ने 577777 के वोट मूल्य प्राप्त किए। द्रौपदी मुर्मू, रामनाथ कोविंद का स्थान लेंगी जिनका कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। इसलिए नई राष्ट्रपति मुर्मू 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगी। ऐसे में आपको बताते हैं कि देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर बैठने वाली द्रौपदी मूर्मू को देश के चीफ जस्टिस शपथ दिलाते हैं।
चीफ जस्टिस दिलाते हैं शपथ
राष्ट्रपति को देश के चीफ जस्टिस शपथ दिलाते हैं। चीफ जस्टिस की अनुपस्थिति में सुप्रीम कोर्ट के सीनियर मोस्ट जज शपथ दिला सकते हैं। राष्ट्रपति का कार्यकाल पांच साल का होता है। राष्ट्रपति भारत के रक्षा बलों के सुप्रीम कमांडर होते हैं।
राष्ट्रपति के क्या अधिकार हैं?
राष्ट्रपति किसी व्यक्ति की सजा को माफ, निलंबित या कम करने के साथ ही खत्म भी कर सकता है। चीफ जस्टिस, जजों, राज्यपालों, चुनाव आयुक्त और दूसरे देशों में राजदूतों की नियुक्ति करता है। राष्ट्रपति की तरफ से युद्ध या बाहरी आक्रमण की स्थिति में देश में इमरजेंसी की घोषणा की जा सकती है। संसद की तरफ से पारित कोई भी विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद ही कानून बनता है। अंतरराष्ट्रीय समझौते, देश के सभी कानून और नीतिगत फैसले सभी राष्ट्रपति के नाम पर ही होते हैं।
25 जुलाई को ही क्यों होता है शपथ?
राष्ट्रपति कब शपथ लेगा इस बात को लेकर संविधान में किसी भी तरह का कोई उल्लेख नहीं है। दरअसल, 1977 में नीलम संजीव रेड्डी निर्विरोध राष्ट्रपति चुने गए थे। उन्होंने 25 जुलाई 1977 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। उसके बाद से ही यह परंपरा बन गई। उसके बाद से सभी राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेते हैं।
कितनी सैलरी मिलती है?
फिलहाल भारत के राष्ट्रपति की सैलरी पांच लाख रुपये प्रति माह है। इसके अलावा अन्य भत्ते दिए जाते हैं। 2017 से पहले राष्ट्रपति की सैलरी केवल 1.5 लाख रुपये प्रति माह हुआ करती थी। उस समय टॉप ब्यूरोक्रेट्स और कैबिनेट मंत्रियों की सैलरी इससे ज्यादा थी। राष्ट्रपति को फ्री मेडिकल सुविधा, घर, बिजली, टेलीफोन बिल सहित अन्य भत्ते भी मिलते हैं। राष्ट्रपति को कहीं आने जाने के लिए विशेष तौर पर बनी मर्सिडीज एस600 पुलमैन गार्ड गाड़ी मिलती है।