क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141
यूट्यूबर गौरव तनेजा जिन्हें 'फ्लाइंग बीस्ट' के भी नाम से जाना जाता है, को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, गौरव तनेजा नोएडा सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर अपना जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। इस कारण वहां पर जनसैलाब उमड़ गया और मेट्रो स्टेशन के नीचे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आसपास ट्रैफिक जाम भी हो गया। मेट्रो कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों को भी परेशानी होने लगी। यही कारण रहा कि धारा 144 के उल्लंघन को लेकर नोएडा पुलिस ने पहले तो गौरव तनेजा को हिरासत में लिया। 2 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक गौरव तनेजा के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। यूट्यूबर गौरव तनेजा जिन्हें 'फ्लाइंग बीस्ट' के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें आज धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया। उनके फैंस उनके अनुरोध पर उनके जन्मदिन को मनाने के लिए नोएडा के एक मेट्रो स्टेशन पर बड़ी संख्या में जमा हुए थे। हालांकि खबर यह भी है कि गौरव तनेजा को जल्द ही बेल भी मिल सकता है। यूट्यूबर गौरव तनेजा पर बिना परमिशन के भीड़ को बुलाने का आरोप लगा है। उन्हें नोएडा के सेक्टर 49 पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दरअसल, गौरव तनेजा ने अपने इंस्टाग्राम पर यह बताया था कि वह फैंस के बीच नोएडा मेट्रो स्टेशन में अपना जन्मदिन मनाएंगे। यही कारण रहा कि गौरव तनेजा के हजारों प्रशंसक सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पहुंच गए थे जिसकी वजह से भगदड़ मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, मौके पर प्रशासन पहुंच गई थी। लोगों को शांत कराने की भी कोशिश की गई। अचानक भीड़ बढ़ने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।