क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

गाजियाबाद: पंजाब नेशनल बैंक मेटलाइफ का कर्मचारी एफडी (सावधि जमा) के नाम पर करोड़ों ठगकर फरार हो गया। पीएनबी की अंबेडकर रोड शाखा पर सोमवार दोपहर बाद पहुंचे ग्राहकों ने हंगामा किया। नगर कोतवाली पुलिस ने लोगों को शांत करा कार्रवाई का आश्वासन दिया। कई लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है।
भरोसा जीतकर किया धोखा
आनलाइन ट्रेडिग करने वाले राहुल ने बताया कि इस शाखा में उनका पुराना खाता है। यहां मेटलाइफ की पालिसी के लिए मनोज भारद्वाज नाम का कर्मचारी बैठता था, जो खुद को विजयनगर निवासी बताता था। उसके जरिए उन्होंने अपनी व अन्य लोगों की पालिसी कराई थी। उसे वह सात साल से जानते हैं। उसने दो साल पहले उनसे एफडी के नाम पर छह लाख रुपये का ब्लैंक चेक लिया और बदले में गारंटी के रूप में अपना भी ब्लैंक चेक दिया। तीन लाख रुपये अपनी पत्नी की दुकान के नाम पर लिए और एक लाख रुपये का चेक दोबारा उन्होंने एफडी के लिए दिया था। पैसों की जरूरत पड़ी तो बहाने बनाने लगा और तीन दिन से बैंक से गायब है।
फर्जी दस्तावेज दिए
कालकागढ़ी निवासी भीमसेन ने बताया कि मनोज अच्छी तरह से बात करता था और वह पालिसी से जुड़े सभी काम आसानी से करा देता था। इसीलिए उस पर विश्वास था। उन्होंने मार्च में ही दो लाख रुपये की एफडी के लिए चेक दिया था। इसके बदले में पीएनबी के फिक्स डिपाजिट की एक स्लिप भी दी। यही स्लिप अन्य लोगों के पास भी है। एक सप्ताह पहले पैसों की जरूरत हुई तो आश्वासन देता रहा, लेकिन पैसे नहीं मिले। किराना मंडी में रहने वाले कारोबारी किराना व्यापारी सुनील बंसल ने बताया कि उन्होंने एक साल पूर्व मनोज के माध्यम से 30 लाख और 10-10 लाख रुपये की तीन एफडी कराई थीं।
बड़ा है फर्जीवाड़ा
ग्राहकों ने कहा कि यह फर्जीवाड़ा काफी बड़ा है, क्योंकि मनोज सभी का विश्वास पात्र था। सोमवार को ग्राहक शाखा में पहुंचे और एफडी की स्लिप दिखाई तो शाखा प्रबंधक ने इसे फर्जी बता दिया। इसके बाद लोगों ने हंगामा किया और पुलिस पहुंची।
मनोज पीएनबी मेटलाइफ का कर्मचारी है और मामले की जानकारी मुख्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है।
- रूपेश गुप्ता, शाखा प्रबंधक मामले की जानकारी नहीं है। पीएनबी के जिला समन्वयक से बात करने के बाद ही कुछ कहना सही होगा।
- हिमांशु शेखर तिवारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक लोगों से शिकायत देने को कहा है। बैंक प्रबंधन से भी जानकारी मांगी है। छानबीन कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
- निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी प्रथम