CSK vs DC: चेन्नई की बड़ी जीत, दिल्ली कैपिटल्स को 91 रनों से हराया, कॉनवे की तेजतर्रार पारी

 क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

CSK vs DC: चेन्नई की बड़ी जीत, दिल्ली कैपिटल्स को 91 रनों से हराया, कॉनवे की तेजतर्रार पारी

ANI pictures

डेवोन कॉनवे के तेजतर्रार अर्धशतक और साथी सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट पर 208 रन बनाए थे। कॉनवे ने 49 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 87 रन की पारी खेली।

पहले बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और बाद में गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने आज दिल्ली कैपिटल्स को 91 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग ने 208 रनों का स्कोर खड़ा किया था। जीत के लिए दिल्ली कैपिटल्स को 209 रनों की दरकार थी। हालांकि दिल्ली कैपिटल की पूरी टीम 117 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। दिल्ली की तरफ से सबसे ज्यादा रन मिचेल मार्श ने बनाए। मिचेल मार्श ने 20 गेंदों का सामना किया और 25 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 1 छक्के जड़े। जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने 11 गेंदों में 21 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। चेन्नई की ओर से मोइन अली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए। मोइन अली ने मिचेल मार्श और ऋषभ पंत को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके अलावा मुकेश चौधरी और सिमरनजीत सिंह की ओर से भी अच्छी गेंदबाजी हुई। लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी चेन्नई ने इस जीत से खोई प्रतिष्ठा वापस पाने की कोशिश की है। इस जीत के साथ चेन्नई के 8 अंक हो गए हैं। वहीं दिल्ली के लिए अब प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल नजर आ रही है।



इससे पहले डेवोन कॉनवे के तेजतर्रार अर्धशतक और साथी सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट पर 208 रन बनाए थे। कॉनवे ने 49 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 87 रन की पारी खेली। उन्होंने गायकवाड़ (41) के साथ पहले विकेट के लिए 110 रन जबकि शिवम दुबे (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आठ गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली की ओर से एनरिच नॉर्किया सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 42 रन देकर तीन विकेट चटकाए। खलील अहमद ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद गायकवाड़ और कॉनवे ने सुपरकिंग्स को तूफानी शुरुआत दिलाई। कॉनवे ने शार्दुल ठाकुर पर चौके के साथ खाता खोला। उन्होंने एनरिच नॉर्किया पर भी चौका मारा जबकि गायकवाड़ ने इस तेज गेंदबाज पर पारी का पहला छक्का जड़ा। कॉनवे ने अक्षर पटेल का स्वागत दो छक्कों के साथ किया जबकि गायकवाड़ ने शार्दुल पर दो चौकों के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 57 रन तक पहुंचाया। इस जोड़ी की यह लगातार तीसरी अर्धशतकीय साझेदारी रही।

कॉनवे ने कुलदीप यादव को निशाना बनाया। उन्होंने इस स्पिनर के पहले ओवर में लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा और फिर उनके अगले ओवर में भी लगातार तीन चौके जड़कर 10वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। उन्होंने इस बीच अक्षर की गेंद पर एक रन के साथ 27 गेंद में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया। गायकवाड़ ने अगले ओवर में नॉर्किया पर दो चौके मारे लेकिन इसी ओवर में गेंद को हवा में लहराकर मिडविकेट पर अक्षर को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 33 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा। शार्दुल की गेंद पर अक्षर ने शिवम दुबे का कैच छोड़ा जिसके बाद उन्होंने इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो छक्के और एक चौका जड़ दिया। कॉनवे हालांकि अगले ओवर में खलील अहमद की गेंद पर विकेटपर पंत को कैच दे बैठे। मिशेल मार्श ने अगले ओवर में दुबे को भी डेविड वार्नर के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के जड़े। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आते ही मार्श की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ा। खलील ने अगले ओवर में अंबाती रायुडू (05) को बाउंड्री पर अक्षर के हाथों कैच कराया लेकिन धोनी ने उनकी अंतिम गेंद पर छक्का जड़ दिया। अंतिम ओवर में मोईन अली (09) ने पहली गेंद पर नॉर्किया पर चौका जड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया लेकिन अगली गेंद पर वार्नर को कैच दे बैठे। अगली गेंद पर रोबिन उथप्पा भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।