खोड़ा के लेबर चौक स्थित दीपक विहार में रविवार देर रात कबाड़ के गोदाम में आग, आग ने लकड़ी के गोदाम और कई मकानों को आगोश में लिया

  क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

खोड़ा में गोदाम व मकानों में लगी आग, मची अफरा तफरी

साहिबाबाद :खोड़ा के लेबर चौक स्थित दीपक विहार में रविवार देर रात कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आग ने लकड़ी के गोदाम और कई मकानों को आगोश में ले लिया। इससे चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दर्जनों दुकानों और मकानों को समय रहते खाली करा लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। गाजियाबाद और नोएडा की दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आधी रात के बाद सवा एक बजे आग पर काबू पाया।

लेबर चौक के पास दुकानों के पीछे एक कबाड़ का गोदाम था, जिसमें टायर व अन्य खराब सामान रखे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शी शिवम ने बताया कि रविवार रात करीब सवा 11 बजे आग लग गई। आग लगने के बाद दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग फैल गई। कुछ ही देर में आग पास के एक लकड़ी के गोदाम में लग गई। इसके बाद पास के चार मकान भी आग की चपेट में आ गए। इससे चारों ओर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर नोएडा और गाजियाबाद से एक दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां आग बुझाने पहुंचीं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।



दर्जनों घरों व दुकानों को खाली कराया : आग लगाने के बाद मौके पर पहुंची नोएडा व गाजियाबाद पुलिस ने आसपास के मकानों व दुकानों को खाली करा दिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन लोगों का सामान जलने से लाखों का नुकसान हो गया। जिन चार मकानों में आग लगी उनमें रहने वाले लोग देर रात तक विलाप करते रहे।

धुएं से दम घुटने लगा, मची भगदड़ : आग लगने के बाद तेजी से धुआं आसपास फैलने लगा। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और दम घुटने लगा। आग लगने की सूचना तेजी से फैल गई। जिससे सैकड़ों लोग घरों के बाहर निकल गए इससे आसपास के इलाकों में भगदड़ मच गई।

लोगों से भरा रहा लेबर चौक : आग लगने के बाद नोएडा व खोड़ा के सैकड़ों लोग लेबर चौक पर एकत्र हो गए। देर रात तक लोग यहां जमा रहे। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ। दमकल की गाड़ियों को भी आने जाने में परेशानी हुई। पुलिस लोगों को हटाती रही लेकिन लोग हटते और दोबारा आ जाते।

तंग गली में नहीं जा सकी दमकल : सड़क किनारे दुकानों के पीछे गोदाम में आग लगी थी। दुकानों के पीछे जाने के लिए तंग गली थी, जहां पर दमकल की गाड़ियां नहीं जा सकती थीं। दमकलकर्मियों को पाइप बिछाकर आग बुझानी पड़ी। इससे आग बुझाने में परेशानी हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि 11:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कड़ी मेहनत के बाद आग बुझा दी गई है। कोई जनहानि नहीं हुई है। शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही आग लगने का सही कारण का पता लगेगा।