क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

साहिबाबाद : पांच साल से अतिक्रमण पर खामोश मोहन नगर जोन के अधिकारियों ने सोमवार को बुलडोजर बाहर निकाला। आला अधिकारियों की फटकार पड़ने के बाद मोहन नगर भोपुरा रोड पर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। लोगों का आरोप है कि पुलिस और निगम के अधिकारियों के संरक्षण की वजह से फुटपाथ पर कब्जा हो गया था। पैदल चलने वाले लोग सड़क पर चलने के लिए मजबूर थे।
वर्ल्ड स्क्वायर माल से लेकर हिडन एयरपोर्ट चौराहे तक फुटपाथ पर लोगों ने कब्जा कर रखा था। इस पर अस्थायी दुकानें बना ली थीं। फुटपाथ पर जगह नहीं होने के कारण पैदल यात्री सड़क पर चलने के लिए मजबूर थे। यहां से दिनभर में कई बार मोहन नगर जोन के अधिकारी गुजरते थे लेकिन पिछले पांच साल से इसे नजरअंदाज किया जा रहा था। लोग शिकायत करते तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी। अतिक्रमण के कारण मोहन नगर-भोपुरा रोड पर जाम लग जाता था। इसकी शिकायत नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से की गई। उन्होंने इसे हटाने के निर्देश दिए तो अधिकारी बुलडोजर लेकर दौड़ पड़े। बुलडोजर चलने पर ज्यादातर ठेली-पटरी वाले भाग खड़े हुए। मोहन नगर जोन के जोनल प्रभारी राजवीर चौधरी ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा अस्थायी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया और ठेली-पटरी वालों का सामान जब्त किया।
अगले दिन हो जाता है कब्जा : नगर निगम निगम का बुलडोजर मुश्किल से अतिक्रमण हटाने के लिए निकलता है। कार्रवाई के अगले दिन फुटपाथ पर फिर से कब्जा हो जाता है। निगम के अधिकारियों का दावा है कि अतिक्रमण हटाने के बाद वहां पर नजर रखने की जिम्मेदारी पुलिस की हो जाती हैं
निगम की भूमि से हटाई झुग्गियां : नगर निगम की कार्यकारिणी की बैठक में नगर आयुक्त ने मोहन नगर जोन के अधिकारियों को हज हाउस के पास से निगम की भूमि को खाली कराने के निर्देश दिए थे। इसी के चलते सोमवार को हाज हाउस के पास से 50 से अधिक झुग्गियों को हटाया गया। लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली।