क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा और विधान परिषद चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व का ध्यान अब उत्तर प्रदेश भाजपा के संगठन पर है। भाजपा उत्तर प्रदेश के नए अध्यक्ष का नाम घोषित होने के साथ ही प्रदेश संगठन में फेरबदल इसी हफ्ते तय है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद उनके ऊपर की दोहरी जिम्मेदारी को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कम करने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष मिलने के साथ ही बड़े फेरबदल भी होंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन, सुनील बंसल का भी कद बढ़ाया जाएगा। संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने उत्तर प्रदेश के बाहर कहीं और की जिम्मेदारी मांगी है। पार्टी ने उनका प्रस्ताव भी स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह पर अब अब पार्टी में नए चेहरे की तलाश की जा रही है।
लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से 80 सांसद चुने जाते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को लेकर बड़ी तैयारी की है। प्रदेश के सभी 18 मंडल में कैबिनेट मंत्रियों को तीन दिन पर जिलों-जिलों में जाकर लोगों की समस्या सुनने की पार्टी की योजना 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर बनाई गई है। पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव में भी विधानसभा चुनाव 2022 की तरह ही सफलता चाहती है। ऐसे में पार्टी उत्तर प्रदेश संगठन के शीर्ष के दो पद पर कद्दावर नेता को ही आसान करना चाहती है। पार्टी को इसके लिए ऐसे चेहरों की तलाश है जो आने वाले समय को देखते हुए पार्टी के संगठन को प्रदेश में नई दिशा दे सकें।
सुनील बंसल की जगह धर्मपाल सिंह और चंद्रशेखर को उत्तर प्रदेश कमान मिल सकती है। धर्मपाल सिंह यूपी और उत्तराखंड में एबीवीपी में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। राजस्थान में महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे चंद्रशेखर को उत्तर प्रदेश लाया जा सकता है। वह यूपी के ही रहने वाले हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। चन्द्रशेखर ने 2014 लोकसभा चुनावों में अमित शाह के साथ पार्टी में काम किया है। यही वजह रही कि राजस्थान में कई वर्षों से खाली चल रहे महामंत्री संगठन के पद पर उनको भेजा गया।
भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के तथा महामंत्री संगठन के पद पर नए चेहरों की तलाश में भारतीय जनता पार्टी के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में भी मंथन चला है। पार्टी वर्तमान में प्रदेश संगठन मंत्री के पद का निर्वहन कर रहे सुनील बंसल को दिल्ली या फिर किसी नई चुनौती वाली जगह पर जिम्मेदारी दी जा सकती है। ऐसे में संभावना है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इसी हफ्ते अध्यक्ष के साथ महामंत्री संगठन का नाम घोषित कर दे।