विभिन्न नामी कंपनियों के करीब तीन लाख का नकली सौंदर्य प्रसाधन का सामान बरामद

  क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

Ghaziabad News: नकली ब्यूटी प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़

गाजियाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार शाम राजेंद्र नगर सेक्टर - दो के एक मकान में छापेमारी कर नकली सौंदर्य प्रसाधन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। बिना लाइसेंस के चल रही इस फैक्ट्री में विभिन्न नामी कंपनियों के करीब तीन लाख का नकली सौंदर्य प्रसाधन का सामान बरामद हुआ है। मौके से फैक्ट्री संचालक व आठ कर्मचारी भी पकड़े गए हैं। फैक्ट्री संचालक पहले भी नकली सौंदर्य प्रसाधन बनाने के मामले में दिल्ली व मुंबई से जेल जा चुका है।


एक नामी कंपनी के अधिकारियों को राजेंद्र नगर में नकली सौंदर्य प्रसाधन का सामान बनाए जाने की सूचना मिली थी। उनकी शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार शाम राजेंद्र नगर सेक्टर - दो स्थित मकान नंबर 3/71 में छापेमारी की।

औषधि निरीक्षक अनुरोध कुमार ने बताया कि आवासीय फ्लैट में विभिन्न नामी कंपनियों के फेसवाश, क्रीम, जेल, स्क्रब, डी टैन, फेशियल, ब्लीच आदि कास्मेटिक के सामान तैयार किए जा रहे थे। छापेमारी के दौरान कच्चा माल, आधा बना हुआ और पैक किया गया माल बरामद हुआ, जिनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये है। टीम ने माल को सील कर दिया है।

सदर बाजार से देशभर में जाता था माल

औषधि निरीक्षक अनुरोध कुमार ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि राजेंद्र नगर में तैयार माल दिल्ली के सदर बाजार में विभिन्न दुकानों पर बेचा जा रहा रहा था। यहां से यह माल पूरे देश में जाता था। फैक्ट्री मालिक सस्ते में नामी कंपनियों के नकली सौंदर्य प्रसाधन का सामान सस्ते दाम में देने के नाम पर झांसे में लेता था। छापेमारी के दौरान बागपत के औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर, मेरठ की प्रियंका चौधरी और बुलंदशहर की औषधि निरीक्षक दीपा लाल मौजूद रहीं।

अनुरोध कुमार के मुताबिक फैक्ट्री संचालक रणवीर नारंग व उसके आठ कर्मचारियों को मौके से पकड़कर साहिबाबाद थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। रणवीर नारंग इंदिरापुरम के नीति खंड दो का रहने वाले हैं। वह पहले नोएडा में एक दोस्त के साथ कास्मेटिक का सामान बनाने की फैक्ट्री चलाता था। दोस्त से विवाद होने पर वह अलग हो गया। पिछले तीन माह से राजेंद्र नगर में नकली सामान बनाने का काम कर रहा था। इससे पहले भी रणवीर नारंग मुंबई और दिल्ली से जेल जा चुका है।