क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

मोदीनगर : भोजपुर थाना क्षेत्र के कस्बा फरीदनगर में मंगलवार शाम दौड़ लगाने को लेकर विवाद हो गया। दबंगों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग भोजपुर थाने पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर वे शांत हुए। मामले में पीड़ित युवक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। कस्बा फरीदनगर के केशव सैनी सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। वे रोजाना शाम के समय फरीदनगर-अतरौली मार्ग पर दौड़ लगाते हैं। मंगलवार शाम भी वे दौड़ लगा रहे थे। इस बीच गांव के ही कुछ दबंग भी वहां आ गए। आरोप है कि उन्होंने केशव को रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वे मारपीट करने लगे। पहले तो केशव को लात-घुसों से पीटा। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो आरोपितों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बाद में केशव को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोग केशव को अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना पर उनके परिवार के लोग भी वहां आ गए। इसके बाद सभी भोजपुर थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की। इससे वे भड़क गए और रात के समय सड़क पर जाम लगाने लगे। किसी तरह पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। बुधवार सुबह मामले में केशव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। केशव के मुताबिक, आरोपितों ने हथियार भी ले रखे थे। उन्होंने हवाई फायर भी किया था। मामले में भोजपुर थाना प्रभारी व एएसपी मानुष पारिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर फरीदनगर के नितिन, सुमित, अंकुर व पंकज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। जल्दी ही आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।
थाने के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर हापुड़ रोड किया जाम
- पीड़ित परिवार के लोग बड़ी संख्या में कस्बेवासियों के साथ भोजपुर थाने पहुंचे थे। यहां उन्होंने थाने के सामने ही हापुड़ रोड पर ट्रैक्टर खड़ा कर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद वे शांत हुए। पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी कराई है।