रोडवेज इलेक्टिक बस (ई-बसों) को मुरादनगर के स्थान मोदीनगर तक चलाने की योजना

क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

यात्रियों को न्यूनतम किराया 10 और अधिकतम 40 रुपये देना होगा।

गाजियाबाद। ट्रायल पूरा होने के बाद आज यानी बृहस्पतिवार से रोडवेज इलेक्टिक बस (ई-बस) का किराया बढ़ जाएगा। अब न्यूनतम किराया पांच रुपये के बजाय 10 रुपये देना होगा। ट्रायल में मुरादनगर रूट महज 53 प्रतिशत सफल रहा है। ऐसे में मुरादनगर रूट पर बदलाव करने की तैयारी की जा रही है।

ई- बस शुरू होने पर न्यूनतम किराया 10 और अधिकतम 40 रुपये तय किया गया था। डग्गामार बसों से अधिक किराया होने के कारण ई-बसों में यात्रियों की संख्या कम थी।

ऐसे में एक माह के लिए ट्रायल के तौर पर किराया कम करने का निर्णय लिया गया। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए चार अप्रैल को न्यूनतम किराया घटाकर पांच और अधिकतम 35 रुपये कर दिया गया। बुधवार को ट्रायल का समय पूरा हो गया। अब फिर से यात्रियों को बृहस्पतिवार को न्यूनतम किराया 10 और अधिकतम 40 रुपये देना होगा।

सफल रहा लोनी रूट का ट्रायल : जिले में कौशांबी से मुरादनगर रूट पर 10, दिलशाद गार्डन-गोविंदपुरम-मसूरी रूट पर पांच और लोनी-पुराना बस अड्डा रूट पर पांच बसों का संचालन हो रहा है। एक माह के ट्रायल में मुरादनगर रूट पर 53, मसूरी रूट 67 और लोनी-पुराना बस अड्डा रूट पर 99.9 प्रतिशत ट्रायल सफल रहा। मुरादनगर रूट पर सफलता कम मिलने पर अब इस पर बसों को मुरादनगर के स्थान मोदीनगर तक चलाने की योजना बनाई जा रही, क्योंकि मोदीनगर जाने वाले यात्री ई-बस में नहीं बैठते हैं। उन्हें मुरादनगर में बस बदलने की परेशानी उठानी पड़ती है।

मोदीनगर तक बस चलाने और बसों की संख्या बढ़ाने को लेकर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, जीडीए वीसी कृष्णा करूणोश आदि अधिकारियों की बैठक के बाद निर्णय लिया जाएगा।

  • एक माह ट्रायल के तौर पर किराया कम किया गया था। मुरादनगर रूट का सबसे खराब ट्रायल रहा। अब मुरादनगर के स्थान पर मोदीनगर तक ई-बस चलाने पर विचार किया जा रहा है। एके सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज