क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 9837117141

गाजियाबाद। शहर के चिरंजीव विहार निवासी अंतरराष्ट्रीय महिला तीरंदाज साक्षी चौधरी ने इराक के सुलेमानिया में आयोजित एशिया कप स्टेज-2 तीरंदाजी चैंपियनशिप में व्यक्तिगत रूप से स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। मंगलवार को साक्षी चौधरी ने एशिया कप टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। गाजियाबाद की बेटी साक्षी चौधरी ने इराक में आयोजित एशिया कप स्टेज-2 तीरंदाजी चैंपियनशिप में बुधवार को खिताबी मुकाबले में भारत की परनीत कौर को 238 के मुकाबले 240 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
इससे पहले थाईलैंड के फुकेट में एशिया कप स्टेज-1 में साक्षी ने एकल स्पर्धा में स्वर्ण और टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। वर्तमान में साक्षी का नाम देश की टाप पांच महिला तीरंदाज खिलाडि़यों में दर्ज है। एशिया कप में साक्षी द्वारा टीम और व्यक्तिगत दो-दो स्वर्ण पदक जीतने पर उनके परिवार में जश्न का माहौल है। उनके पिता जितेंद्र चौधरी माता शशि चौधरी, नानी मिथलेश, बबीता, मनीष चौधरी, ज्योति चंद, ललिता ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सोनीपत साई के तीरंदाजी के हेड कोच संजीवा, मंगोलपुरी देवांश अकादमी के कोच विकास और सुरेंद्र ¨सह ने साक्षी की इस उपलब्धि पर कहा कि यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है।
पदक से देश की भरी झोली, खुद के हाथ खाली
साक्षी चौधरी एक मध्यम परिवार से है। पिता जितेंद्र सिंह निजी कंपनी में नौकरी करते थे। कोरोना काल में नौकरी जाने पर तीरंदाजी सीखने की इच्छा जताई तो मां ने अपनी ज्वेलरी बेचकर करीब एक लाख रुपए का धनुष कंपाउंड राउंड के लिए दिलाया था। प्रतियोगिता से पहले धनुष की रिलीजर टूट गई थी, जिसकी कीमत करीब 25 हजार थी। वर्ल्ड चैंपियनशिप में जाने के लिए उनकी मां ने अपनी सोने की अंगूठी बेचकर रिलीजर दिलाया। तीर के लिए पैसे का इंतजाम नहीं हो सका, तो कोच विकास ने उधार तीर दिलवाए। दो स्वर्ण समेत पांच अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने के बाद सरकार की ओर से किसी योजना के तहत कोई आर्थिक मदद नहीं मिली। इससे परिवार काफी आहत भी है।
साक्षी की खेल उपलब्धियां
- दिसंबर 2018 : सिल्वर लाइन स्कूल में तीरंदाजी का अभ्यास आरंभ किया
- फरवरी 2019 : यूपी स्टेट जूनियर में ट्रायल में चयन और पहली चैंपियनशिप में कांस्य पदक
- जून 2019 : मुंबई मेयर कप में स्वर्ण पदक जीता
- वर्ष 2020 : कोरोना संक्रमण की वजह से कोई चैंपियनशिप नहीं हो सकी
- जनवरी 2021 : दिल्ली में आयोजित आर्चरी चैंपियनशिप में कांस्य पदक
- जनवरी 2021 : हरियाणा के बल्लभगढ़ में जूनियर आर्चरी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
- मार्च 2021 : हापुड़ में आयोजित यूपी स्टेट जूनियर व सीनियर चैंपियनशिप में तीन-तीन स्वर्ण पदक
- मई 2021 : थाईलैंड में होने वाली जूनियर एशिया आर्चरी कप चैंपियनशिप में चयन (कोविड के कारण रद)
- अगस्त 2021 : पोलैंड में आयोजित विश्व युवा तीरंदाजी चैंपियनशिप में रजत पदक
- मार्च 2022 : इराक में आयोजित एशिया कप स्टेज-1 तीरंदाजी में टीम रजत पदक
- मार्च 2022 : इराक में आयोजित एशिया कप स्टेज-1 तीरंदाजी व्यक्तिगत में स्वर्ण पदक
- मई 2022 : इराक में आयोजित एशिया कप स्टेज-2 तीरंदाजी में टीम स्वर्ण पदक
- मई 2022 : इराक में आयोजित एशिया कप स्टेज-2 तीरंदाजी व्यक्तिगत में स्वर्ण पदक