क्लू टाइम्स, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता। 983711714

मुजफ्फरनगर। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि वह बेवजह टोल फ्री नहीं कराएं। टोल फ्री कराने से पहले अनुमति जरूर लें।
सिसौली में हुई मासिक पंचायत
रविवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की सिसौली के किसान भवन में मासिक पंचायत हुई। पंचायत में भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत ने कहा कि गत 29 जनवरी को मुजफ्फरनगर में विशाल पंचायत हुई थी। अनुशासन के बल पर ही हमने पंचायत के दौरान किसी तरह की कोई गलत हरकत नहीं होने दी। दिल्ली बार्डर पर 13 महीने सफलतापूर्वक आंदोलन चला। जिसके बाद प्रधानमंत्री ने बीच में आते हुए आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करवा दिया, लेकिन अब सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। सरकार को अपने किए वादों पर ध्यान देना चाहिए।
'मकान बुलडोजर से गिराने की बजाय किसी गरीब को दें'
नरेश टिकैत ने कहा कि मुख्यमंत्री अच्छे इंसान है। सरकार की कार्रवाई पर कहा कि बुलडोजर से मकान गिराने की बजाए किसी गरीब को दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि टोल पर झगड़ा करने वालों को अनुशासन में रहने की जरूरत है। चेतावनी दी कि कुछ लोग संगठन के बल पर लाखों का व्यापार कर रहे हैं। अगली पंचायत तक उन पर भी नकेल कसी जाएगी। कार्यकर्ताओं को हिदायत देते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी टोल को फ्री नहीं कराएं। कार्यकर्ता टोल कर्मियों पर यह आरोप लगाकर कि उसने उसके साथ अभद्रता की, कहीं भी टोल फ्री कर देते हैं और फिर उसे फेसबुक पर डाल देते हैं। अब यही नहीं चलेगा। टोल फ्री कराने से पहले उनसे अनुमति लेनी होगी। पंचायत में किसान, पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।