क्लू टाइम्स। मोदीनगर, सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, 9837117141

मेरठ। प्रदेश सरकार में नवनियुक्त ऊर्जा राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ क्रांति एवं ऊर्जा का शहर है, जहां विकास एवं विज्ञान की भी गंगा बहेगी। कहा कि ऊर्जा निगम समेत अन्य संस्थानों में भ्रष्टाचार की शिकायत मिले तो वीडियो बनाकर भेजें। जांच करा तत्परता से कार्रवाई होगी। इसके लिए जल्द एक मोबाइल नंबर जारी किया जाएगा। बता दें कि प्रदेश सरकार में सभी मंत्रियों को अपने 100 दिन का एजेंडा बनाने के लिए कहा गया है।
लालकुर्ती क्षेत्र में 22-बी में आयोजित प्रेस वार्ता में डा. सोमेंद्र तोमर ने मंत्री बनने को लेकर सभी का आभार जताया। कहा कि भाजपा में एक कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष पर बैठे लोगों तक सभी में आपसी समन्वय है। इससे देश में बड़ा बदलाव नजर आ रहा है। राज्यमंत्री ने कहा कि मेरठ पश्चिम यूपी की राजधानी है, जहां से पूरे प्रदेश में संदेश पहुंचता है। यहां विकास के दर्जनों प्रोजेक्ट एक साथ चल रहे हैं। खेल विवि मेरठ को मिला, जबकि कई एक्सप्रेस-वे आसपास बन रहे हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि शहर को जाममुक्त बनाने एवं रेहड़ी-पटरियों वालों को रोजगार से जोडऩे पर फोकस होगा। अपने विभाग के बारे में कहा कि ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा में अपार संभावनाएं हैं, जिसमें यूपी में क्रांतिकारी काम होंगे। प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, महामंत्री अरविंद मारवाड़ी, विशाल सारस्वत एवं कई अन्य उपस्थित रहे।
एमएलसी चुनाव जिताने को मिला टास्क
एमएलसी चुनावों को लेकर भाजपा ने गियर बदल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ ही प्रदेश सरकार के तीनों मंत्रियों डा. सोमेंद्र तोमर, दिनेश खटीक एवं केपी मलिक समेत सभी सांसदों एवं विधायकों को टास्क दिया गया है। राज्यमंत्री डा. सोमेंद्र ने बताया कि उनकी टीम अब एमएलसी चुनाव जिताकर ही वापस लौटेगी। सोमेंद्र ने महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के साथ अपने क्षेत्र के वोटरों से संपर्क किया। जिलाध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि जलशक्ति मंत्री दिनेश खटीक मवाना, हस्तिनापुर एवं परीक्षितगढ़ में बैठक लेकर वोटरों को साध रहे हैं। पार्टी ने नोएडा विधायक पंकज सिंह को मेरठ-गाजियाबाद क्षेत्र की एमएलसी सीट का प्रभारी बनाया है, जबकि सांसद राजेंद्र अग्रवाल, बागपत सांसद सत्यपाल सिंह, राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम एवं सभी जिलों के विधायकों को एमएलसी चुनावों में जुटने को कहा गया है। भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र भारद्वाज भी मौजूद रहे।