रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध के नौ दिन बीत चुके हैं और दसवें दिन भी दोनों सेनाएं एक-दूसरे पर जमकर प्रहार कर रही हैं। राजधानी कीव समेत कई बड़े शहरों में एयर साइरन बज रहे हैं और लोगों को बंकरों में जाने की हिदायद दी जा रही है। आपको बता दें कि रूसी सेना ने अपने हमलों को तेज कर दिया है। सड़कें और इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और चारों तरफ सिर्फ दर्द का मंजर दिखाई दे रहा है।
Live Blog
Mar 06, 2022 17:16 | यूक्रेन में रूस की सेनाएं अस्थायी तौर पर संघर्ष विराम करेंगी, तीसरे दौर की वार्ता की भी घोषणा की गईयूक्रेन के दो शहरों में रूस की सेनाएं अस्थायी तौर पर रविवार को संघर्ष विराम करेंगी। यूक्रेन के दो अलगाववादी और रूस समर्थक क्षेत्रों के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले जारी बमबारी के बीच, नागरिकों को निकालने का समझौता विफल हो गया था। अलगाववादियों के कब्जे वाले इलाके दोनेत्स्क में सेना के प्रमुख एडुअर्ड बसूरिन ने कहा कि मारियूपोल और वोलनोवाखा शहरों के निवासियों के लिए सुरक्षित गलियारा रविवार को खोला जाएगा। अधिकारी ने यह नहीं बताया कि संघर्ष विराम कितनी देर तक रहेगा या संघर्ष विराम के साथ लोगों को निकाला जाएगा या नहीं। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि मारियूपोल से स्थानीय समयानुसार मध्याह्न 12 बजे लोगों को निकाला जाएगा। |
Mar 06, 2022 15:51 | बाइडन और जेलेंस्की ने की सुरक्षा तथा सहयोग पर बातचीतअमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को फोन कर रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों की जारी प्रक्रिया की जानकारी दी और यूक्रेन के लिए अमेरिकी सैन्य, मानवीय तथा आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की। व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच 30मिनट से अधिक चली बातचीत में रूस और यूक्रेन के बीच हुई वार्ता पर भी चर्चा हुई,लेकिन इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी गयी। |
Mar 06, 2022 15:39 | क्या यूक्रेन पर हमले से वैश्विक वित्तीय संकट पैदा हो सकता है ?पुतिन के इस युद्ध की निंदा करते हुए पश्चिमी देशों ने रूस के वित्तीय संस्थानों और व्यक्तियों को लक्षित करते हुए कुछ आर्थिक प्रतिबंधों की घोषणा की है। इन प्रतिबंधों में कुछ रूसी बैकों को अंतरराष्ट्रीय भुगतान के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ‘स्विफ्ट’ संदेश प्रणाली से हटाना, रूसी कंपनियों और उद्योगियों की पश्चिमी देशों में मौजूद संपत्ति को फ्रीज करना और रूस के केंद्रीय बैंक को 630 अरब डॉलर के विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल करने से रोकना शामिल है। इन कदमों के बाद कई रेटिंग एजेंसियों ने रूस की क्रेडिट रेटिंग को कम करके ‘जंक स्टेटस’ (निवेश अधिक खतरे में) कर दिया है या संकेत दिया है कि जल्द वे ऐसा करेंगी। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वे मानती हैं कि रूस द्वारा कर्जे का भुगतान करने में चूकने की आशंका पहले से अधिक है। वैश्विक बैंकों के समूह के मुताबिक, भुगतान करने में चूकने ‘‘की आशंका बहुत अधिक है।’’ बैंकों को खतरा विदेशी बैंकों में करीब 100 अरब डॉलर का रूसी कर्ज है। इससे रूस के बाहर बैंकों के लिए खतरे को लेकर सवाल पैदा हो गया है और भुगतान में चूक की संभावना के कारण 2008 की तरह नकदी संकट उत्पन्न होने की आशंका है। |
Mar 06, 2022 15:38 | यूक्रेन संकट का आर्थिक वृद्धि और मुद्रास्फीति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका: एमपीसी सदस्यमौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के सद्स्य जयंत आर वर्मा ने रविवार को कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े संघर्ष का आर्थिक वृद्धि और मुद्रास्फीति दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है लिहाजा नीति निर्माताओं को सतर्क रहने और उभरती परिस्थितियों को लेकर तेजी से कदम उठाने की जरूरत है। मशहूर अर्थशास्त्री डॉ वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि मुद्रास्फीति निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अधिक है। हालांकि अभी यह वहनीय सीमा के दायरे में है। भारतीय अर्थव्यवस्था के समक्ष चुनौतियों का जिक्र करते हुए वर्मा ने कहा कि अर्थव्यवस्था अभी तक तीन साल पहले शुरू हुई चक्रीय आर्थिक मंदी से उबर नहीं पाई है। |
Mar 06, 2022 13:28 | यूक्रेन से लौटने वाले मेडिकल छात्रों के लिए नियमों में ढील दी जाए: वरुण गांधीभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद वरुण गांधी ने रविवार को कहा कि यूक्रेन से लौटने वाले मेडिकल छात्रों को नियमों में ढील देकर उन्हें भारतीय संस्थानों में समायोजित किया जाना चाहिए। गांधी ने इसके लिए मेडिकल कॉलेजों के प्रवासी भारतीय (एनआरआई) कोटा का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यूक्रेन विवाद ने हजारों छात्रों को मानसिक रूप से तोड़ दिया है। एक तरफ युद्धभूमि की कड़वी स्मृतियां हैं और दूसरी तरफ अधर में लटका हुआ भविष्य।’’ गांधी ने कहा, ‘‘हमें नियमों को शिथिल कर भारतीय संस्थानों में इन छात्रों का समायोजन करना होगा। उनकी और उनके अभिभावकों की चिंता, हमारी चिंता होनी चाहिए।’’ यूक्रेन में पढ़ रहे 20,000 से अधिक भारतीय छात्रों को युद्धग्रस्त देश से निकालने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई छात्रों के लिए, यूक्रेन में शिक्षा ग्रहण करने का मतलब है कि ऐसे कॉलेज में पढ़ने के लिए अपनी बचत के 15-30 लाख रुपये खर्च करना, जो शायद अब तक नष्ट हो चुका है। |
Mar 06, 2022 11:46 | जेलेंस्की ने अमेरिकी कांग्रेस से की ‘भावुक’ अपील- और विमान भेजेंअपने देश के अस्तित्व के लिए लड़ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका से और लड़ाकू विमान भेजने और रूस से तेल आयात कम करने की ‘भावुक’ अपील की है ताकि उनका देश रूसी सैन्य कार्रवाई का मुकाबला कर सके। जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों को निजी तौर पर किए गए वीडियो कॉल में कहा कि संभव है कि वे उन्हें आखिरी बार जिंदा देख रहे हों। यूक्रेन के राष्ट्रपति राजधानी कीव में ही मौजूद हैं जिसके उत्तर में रूसी बख्तरबंद टुकड़ियों का जमावड़ा है। सेना की हरे रंग की शर्ट में सफेद दीवार की पृष्ठभूमि में यूक्रेन के झंडे के साथ नजर आ रहे जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को अपनी हवाई सीमा की सुरक्षा करने की जरूरत है और यह या तो उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) द्वारा उड़ान वर्जित क्षेत्र लागू करने से या अधिक लड़ाकू विमानों के भेजे जाने से ही हो सकता है। जेलेंस्की कई दिनों से उड़ान वर्जित क्षेत्र घोषित करने की मांग कर रहे हैं लेकिन नाटो इससे इंकार कर रहा है और उसका (नाटो) कहना है कि ऐसे कदम से रूस के साथ लड़ाई बढ़ सकती है। |
Mar 06, 2022 10:49 | संयुक्त राष्ट्र ने यूक्रेन में 351 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि कीसंयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने शनिवार को रूसी हमले के बाद से यूक्रेन में 351 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। जिनेवा स्थित कार्यालय ने कहा कि 24 फरवरी की मध्यरात्रि से 707 अन्य आम नागरिक घायल हुए हैं। संरा मानवाधिकार कार्यालय ने इन आंकड़ों के लिए पुष्ट रिपोर्ट का उपयोग किया है। हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने हताहतों की इससे कहीं अधिक संख्या पेश की है। ---- लंदन: यूक्रेन पर रूसी हमले के विरोध में शनिवार को मध्य लंदन में सैकड़ों लोग एकत्र हुए और युद्ध रोकने की मांग उठायी। यूक्रेन का झंडा लहराते हुए प्रदर्शनकारियों ने पुतिन को रोको, युद्ध को रोको के नारे भी लगाए। ---- न्यूयॉर्क: रूस की प्रमुख विमानन कंपनी एयरोफ्लोट ने आठ मार्च से बेलारूस को छोड़कर अपनी सभी बाकी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रोकने की घोषणा की है। रूस की नागरिक उड्डयन एजेंसी रोसावियात्सिया ने सभी रूसी विमानन कंपनियों से विदेशी-पट्टे वाले विमानों को विदेश की यात्री एवं मालवाहक उड़ानों को रोकने की सिफारिश की है। इसके बादरूस की सबसे बड़ी सरकारी विमानन कंपनी ने यह कदम उठाया है। एजेंसी ने उस जोखिम का हवाला देते हुए उक्त सिफारिश की है कि पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण विदेशी-पट्टे वाले विमानों को जब्त किया जा सकता है। --- बर्लिन: जर्मनी के सार्वजनिक प्रसारक एआरडी और जेडडीएफ का कहना है कि उन्होंने मॉस्को में स्थित अपने स्टूडियो से खबरें प्रसारित करना स्थगित कर दिया है। |
Mar 06, 2022 10:49 | यूक्रेन को ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित करने के विरुद्ध पुतिन ने दी चेतावनीरूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को कहा कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा यूक्रेन के ऊपर ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित करने को मास्को “युद्ध में शामिल होने’’ के तौर पर देखेगा। इस बीच, यूक्रेन के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि रूस ने संघर्ष विराम के विपरीत कार्रवाई करते हुए दो शहरों पर बमबारी की, जिससे वहां से लोगों को निकालने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। मारियूपोल और वोलनोवाखा में संघर्ष विराम लागू नहीं होने से युद्ध खत्म करने के प्रयासों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। इसके साथ ही मात्र 10 दिन में करीब 14 लाख लोग यूक्रेन छोड़कर जा चुके हैं। पुतिन ने यूक्रेन पर, लोगों के निकासी अभियान में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया और यह भी दावा किया कि यूक्रेन का नेतृत्व देश के स्वतंत्र राष्ट्र के दर्जा के भविष्य पर सवाल उठा रहा है। पुतिन ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो इसके लिए पूरी तरह यूक्रेन का नेतृत्व जिम्मेदार होगा। इससे पहले रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि वह दक्षिण पूर्व में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बंदरगाह मारियूपोल और पूर्व में स्थित वोलनोवाखा शहर से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रास्ता देने को सहमत है। |
Mar 06, 2022 10:35 | रूस तीसरे परमाणु संयंत्र की तरफ बढ़ रहा: जेलेंस्कीयूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों के साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि रूसी बल यूक्रेन के दो परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर चुके हैं और वे तीसरे संयंत्र की ओर बढ़ रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा समय में माइकोलाइव के उत्तर में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित युझनौक्रेंस्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र खतरे में है। ------------ वाशिंगटन: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी सांसदों से रूस के तेल एवं गैस क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाने और क्रेडिट कार्ड सुविधा को निरस्त करने की अपील की है। दक्षिण कैरोलिना में रिपब्लिकन पार्टी की नेता लिंडसे ग्राहम ने कहा कि शनिवार को अमेरिकी सांसदों से निजी बातचीत के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में प्रतिबंध लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। ग्राहम ने एक वीडियो में कहा कि ऐसा कुछ भी जो रूसी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता, वो यूक्रेन के लोगों के लिए सहायक होगा और ऐसा होने से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए युद्ध को और मुश्किल बना देगा। |