तिबड़ा रोड पर ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलना लोगों के लिए मुसीबत बना

 

बदहाल सड़क, लोगों का जीना हुआ दुश्वार

मोदीनगर: तिबड़ा रोड पर सीवरेज पाइपलाइन करीब एक साल पहले डाल दी गई थी। लेकिन अभी तक सड़क बनाने की जरूरत जल निगम ने नहीं समझी है। ऊबड़-खाबड़ सड़क पर चलना लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है। रास्ते में रोड़ी और मिट्टी फैली हुई है, जिससे दुकानदारों को हर समय धूल का सामना करना पड़ता है। आते जाते लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते है। तिबड़ा रोड से बाग कालोनी, मोदीपोन, चूना भट्टी, भूपेंद्रपुरी, कृष्णाकुंज समेत तिबड़ा, खंजरपुर, जहांगीरपुर, गढी, गदाना समेत दर्जनों कालोनियों व गांवों की लाखों की आवाजाही सुलभ होती है। इस मार्ग पर सैकड़ों बड़ी दुकानें व प्रतिष्ठान भी हैं, जहां ग्राहक जरूरत का सामान भी खरीदने के लिए आते हैं। सीजन में किसान भी इस मार्ग से गन्ना लेकर मिल में जाते हैं। गड्ढे में पहिया गिरने से भैंसा बुग्गी अनियंत्रित होकर पलट जाती है। जिससे पशु को भी चोट लगती है। ऐसे समय पर आवाजाही भी बंद हो जाती है। इस बारे में नगरपालिका के ईओ शिवराज सिंह का कहना है कि इस मामले में जल निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।

सालों बाद भी नहीं ली सुध:दो साल से भी ज्यादा समय से तिबड़ा रोड बदहाल है। सीवरेज पाइपलाइन डलने के बाद स्थिति ज्यादा बुरी हो गई है। मार्ग को बनाने की जिम्मेदारी जल निगम की थी। स्थानीय लोगों की मानें तो पहले नगरपालिका ने यह सड़क पाइपलाइन डालने का तर्क देकर नहीं बनाई। जब पाइपलाइन डाल दी गई तो अब जल निगम पर पूरा मामला टालकर नगरपालिका के अधिकारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं।

बदहाल सड़क होने से दुकानों में धूल घुसती है। लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में भी समस्या हो रही है। मार्ग जल्द नहीं बना तो लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

-नवाब सोनी, संचालक, दर्पण ज्वेलर