रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने भारत को दिया ये जबरदस्त ऑफर

Russia Ukraine War Live Updates in Hindi

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज 16वां दिन है और यूक्रेन में स्थिति नाजुक बनी हुई है। यूक्रेन के दो परमाणु प्लांट्स चेर्नोबिल और जेपोरिजीया में हालात नाजुक बन गए हैं। इन दोनों प्लांट्स पर रूस की सेना ने कब्जा कर लिया था। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बाद, दो सप्ताह से भी कम समय में करीब 20 लाख लोगों ने पूर्वी यूरोपीय देश छोड़ दिया है, जिनमें से आधे बच्चे हैं और हर नए दिन के साथ यह पलायन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा शरणार्थी संकट बनता जा रहा है। रूसी सेना से घिरे यूक्रेनी शहरों में मानवीय स्थिति और अधिक विकट हो गई है, जिसमें मारियुपोल भी शामिल है, जहां सड़कों पर हर तरफ शव नजर आ रहे हैं और अभी तक वहां कोई मानवीय मदद नहीं पहुंच पाई है। यूक्रेन पर रूस के हमले को देखते हुए अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। ऐसे में प्रतिबंधों से परेशान रूस की तेल कंपनियां भारत को तेल पर भारी छूट ऑफर कर रही हैं।

Live Blog
Mar 11, 202218:10

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बेलारूसी समकक्ष के साथ की अहम बैठक

Mar 11, 202217:34

रूस में भारत के दूतावास ने रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों के लिए दिशानिर्देश जारी किए

Mar 11, 202215:19

रूस के दावों पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की शुक्रवार को एक बैठक होगी, जिसमें रूस के उस दावे पर चर्चा की जाएगी कि यूक्रेन अमेरिका की मदद से रासायनिक और जैविक प्रयोगशालाएं चला रहा है। परिषद के राजनयिकों ने नाम उजागर ना करने की शर्त पर बताया कि बैठक स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे होगी। संयुक्त राष्ट्र में रूस के पहले उप राजदूत दिमित्री पोलांस्की ने बृहस्पतिवार दोपहर बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने दावा किया था कि यूक्रेन, अमेरिका की मदद से रासायनिक और जैविक प्रयोगशालाएं चला रहा है। हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने इन दावों को खारिज किया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा था कि रूस के दावे ‘‘अनर्गल’’ हैं। उन्होंने बुधवार को चेतावनी दी थी कि रूस, यूक्रेन के खिलाफ रासायनिक या जैविक हथियारों का इस्तेमाल करने की कोशिश कर सकता है।
Mar 11, 202214:23

ऑपरेशन गंगा : भारत ने रूस, यूक्रेन, रेडक्रॉस के प्रति आभार व्यक्त किया

भारत ने युद्धग्रस्त यूक्रेन के विभिन्न शहरों से अपने नागरिकों को बाहर निकालने में मदद करने के लिये शुक्रवार को यूक्रेन, रूस और रेडक्रॉस का आभार व्यक्त किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्विटर पर अपने पोस्ट में खास तौर पर यूक्रेन के उत्तर पूर्वी शहर सूमी से भारतीय छात्रों की निकासी का उल्लेख किया जो ‘बेहद चुनौतीपूर्ण’ था। उन्होंने ‘ऑपरेशन गंगा’ अभियान के तहत भारतीय नागरिकों को देश वापस लाने में ‘अभूतपूर्व सहयोग’ के लिये यूक्रेन के पड़ोसी देशों रोमानिया, हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकिया और माल्दोवा को भी धन्यवाद दिया। जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर शुरू किये गए ‘ऑपरेशन गंगा’ ने नेतृत्व और प्रतिबद्धता दोनों को प्रदर्शित किया और ‘‘इस उद्देश्य की पूर्ति में सहयोग के लिए सभी के प्रति हम आभार प्रकट करते हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ निकासी में सहयोग के लिये हम खास तौर पर यूक्रेन, रूस और रेडक्रॉस के प्रशासन का आभार प्रकट करते हैं। यूक्रेन के पड़ोसी देशों... रोमानिया, हंगरी, पोलैंड, स्लोवाकियाऔर माल्दोवा ने हमें अभूतपूर्व सहयोग दिया। उन्हें हम धन्यवाद देते हैं। ’’ उल्लेखनीय है किभारत सरकार, 24 फरवरी से रूस के सैन्य अभियान शुरू होने के बाद पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वहां से निकलने में मदद करने के लिए ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत एक चुनौतीपूर्ण निकासी अभियान चला रही है। सूमी से 600 छात्रों को निकालने का अभियान मंगलवार को सुबह शुरू हुआ। सूमी से निकाले गए 600 छात्रों के एक बड़े अंतिम समूह को वापस लाने के लिए भारत ने पोलैंड के लिए तीन उड़ानें भेजी हैं। 
Mar 11, 202212:52

रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी शहरों इवानो-फ्रैंकिव्स्क और लुत्स्क में किए हमले

रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी शहरों इवानो-फ्रैंकिव्स्क और लुत्स्क में हवाई अड्डों के पास हमले किए, जो यूक्रेन में रूस के हमले के प्रमुख लक्ष्यों से काफी दूर हैं। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इवानो-फ्रैंकिव्स्क के मेयर रुस्लान मार्टसिंकीव ने हवाई हमले संबंधी अलर्ट जारी होने के बाद स्थानीय लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। 
Mar 11, 202211:10

युद्ध में बच जाना चमत्कार की तरह है, निकाले गए भारतीय छात्रों ने याद किए अनुभव

उत्तरपूर्वी यूक्रेन में संकटग्रस्त सूमी शहर में फंसे भारतीय छात्रों ने कहा कि युद्ध से बच निकलना उनके लिए एक ‘चमत्कार’ की तरह है और शुक्रवार की सुबह आखिरकार वे दिल्ली पहुंचे जिसके बाद उन्हें राहत महसूस हुई। सूमी स्टेट यूनिवर्सिटी में छठे वर्ष के मेडिकल छात्र धीरज कुमार ने कहा कि वह यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर अपने माता-पिता को देखकर खुश हैं। कुमार ने पीटीआई-को बताया, ‘‘हम सूमी में अप्रत्याशित चुनौतियों से गुजरे हैं। 13 दिनों तक युद्ध की विभीषिका को देखना और उससे बचे रहना एक भयानक अनुभव था। मेरे लिए, अपने देश में जीवित लौटना किसी चमत्कार जैसा लगता है।’’ आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कुमार ने अपने माता-पिता के पैर छुए, जो अपने बेटे को लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के चंबा से आए थे। कुमार ने भारत सरकार और यूक्रेन और पोलैंड में दूतावासों को उनकी निकासी और भारत में सुरक्षित वापसी में मदद करने के लिए सबका आभार जताया। कुमार ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने हमारा बहुत सहयोग किया।
Mar 11, 202209:28

शरणार्थियों ने रूसी सैनिकों पर रिहायशी क्षेत्रों में गोलाबारी करने के आरोप लगाए

रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से 20 लाख से ज्यादा लोगों ने यूरोप के दूसरे देशों में शरण ली है और उन्होंने युद्ध अपराध के मुकदमे के लिए सबूत भी जुटाए हैं। यूक्रेन के शहरों में रूसी सेना के आक्रमण तेज होने के साथ देश की सीमा पार करने वालों की संख्या भी बढ़ती चली गई। कीव छोड़कर आए इहोर दिकोव ने कहा कि उन्होंने रिहायशी क्षेत्रों में गोलीबारी की आवाज सुनी थी और सड़कों पर कई जगह शव पड़े हुए थे। दिकोव ने कहा, ‘‘रूस ने सुरक्षित मानवीय गलियारा मुहैया कराने का वादा किया था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। वे निहत्थे लोगों पर गोलीबारी कर रहे हैं।’’
Mar 11, 202208:48

यूक्रेनी शरणार्थियों ने कहा, वे गोलीबारी कर नागरिकों को मार रहे थे

यूरोप और अन्य हिस्सों में करीब 20 लाख यूक्रेनी शरणार्थी फैले हुए हैं, जिनमें से कुछ शरणार्थियों ने जो आंखों देखी सुनाई है उससे युद्ध अपराध का मामला बन सकता है। शरणार्थियों ने कहा कि रूसी सुरक्षा बल गोलीबारी करके नागरिकों को मार रहे थे। रूसी सेना के हमले के कारण यूक्रेन से पलायन करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। यूक्रेन से पलायन करने वालों में इहोर दीकोव भी हैं, जो कीव के बाहर लकड़ी के बने अस्थायी पुल के जरिये इरपिन नदी पार करके किसी प्रकार अपनी जान बचाने में सफल रहे। पक्के पुल को यूक्रेन की सेना ने रूसी सैनिकों को रोकने के लिए उड़ा दिया है। स्थिति को भयावह बताते हुए दीकोव ने कहा कि सीमा पार करते समय उन्होंने गोलीबार की आवाज सुनने के साथ सड़क किनारे पड़ी लाशों को भी देखा। दीकोव ने कहा, ‘‘रूसियों ने गलियारा (मानवीय) उपलब्ध कराने का वादा किया, लेकिन इसका पालन नहीं किया। वे गोलीबारी करके नागरिकों को मार रहे थे।’’ 
Mar 11, 202208:47

यूक्रेन-रूस समस्या पर यूरोपीय संघ ने विस्तार से चर्चा की

यूरोपीय संघ के नेताओं ने रूसी आक्रमण का मुकाबला कर रहे यूक्रेन की मदद कैसे की जाए, इस संबंध में बृहस्पतिवार को विस्तार से चर्चा की। यूरोपीय संघ में शामिल सभी देश रूस के खिलाफ कड़ी आर्थिक पाबंदियां लगाकर इस युद्ध में यूक्रेन का साथ दे रहे हैं, लेकिन अब इसबात को लेकर मतभेद सामने आने लगा है कि यूक्रेन कितनी जल्दी यूरोपीय संघ का 28वां सदस्य बनेगा औरयूरोपीय संघ के देशों की ऊर्जा जरुरतों के लिए रूस पर निर्भरता कितनी जल्दी समाप्त होगी। 
Mar 11, 202208:45

सूमी से निकाले गए भारतीय छात्रों को पोलैंड के ज़ेजॉ से लेकर एक विशेष विमान दिल्ली पहुंचा

युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से निकाले गए भारतीय छात्रों को पोलैंड के ज़ेजॉ शहर से लेकर ‘एअर इंडिया’ का एक विशेष विमान शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विमान ने बृहस्पतिवार रात साढ़े 11 बजे ज़ेजॉ से उड़ान भरी थी और शुक्रवार सुबह पौने छह बजे वह दिल्ली पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 40 मिनट के आसपास एक और विमान के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। छात्रों द्वारा ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साझा की गई जानकारी के अनुसार, पहली उड़ान प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए थी।