मुरादनगर : थाना क्षेत्र की शिवम विहार कॉलोनी में शनिवार को आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। सुबह से देर रात तक भी आयकर विभाग की टीम बिजली विभाग के विजिलेंस से सेवानिवृत हुए निरीक्षक ओडी शर्मा के घर से नहीं निकली थी और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य को बाहर निकलने की अनुमति दी गई। न ही किसी को उनके घर अंदर आने दिया गया। रात साढ़े नौ बजे तक भी कोई सदस्य बाहर नहीं निकल पाया था और न ही आयकर विभाग की टीम का कोई सदस्य बाहर आया था। पुलिस गेट पर पहरा दे रही थी। ध्यान रहे कि काकड़ा गांव के ओडी शर्मा शर्मा विजिलेंस विभाग से करीब सात साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। वे अपने परिवार सहित शिवम विहार कॉलोनी में रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। एक बेटा उनसे अलग ही रहता है। जिसको उन्होंने पिछले दिनों बेदखल कर दिया था। जबकि दूसरा बेटा एनजीओ चलाता है। बेटे ने पिछले दिनों थार कार खरीदी थी। इससे पहले उनके पास चार कारें और भी हैं। बताया गया है कि उनकी मुरादनगर, मोदीनगर क्षेत्र में तमाम जगहों पर प्लॉट व फ्लैट हैं। आसपास के लोगों ने बताया कि ओडी शर्मा पर ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां पर प्राइम लोकेशन पर उनकी प्रॉपर्टी न हो। सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे लग्जरी लाइफ जी रहे हैं। आसपास के लोगों के मुताबिक शनिवार की सुबह आयकर विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंची और उनके घर के अंदर तमाम बिदुओं पर छानबीन की। सूत्रों की मानें तो उनसे खरीदी गई प्रॉपर्टी के बारे में जानकारी ली गई। तमाम बिदुओं पर छानबीन जारी थी। यह भी जानकारी मिली है कि लखनऊ में उनकी डेढ़ करोड़ की धनराशि नकद पकड़ी गई है। जिसके तहत आयकर विभाग की टीम ने उनके घर पर छापेमारी की। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि उनको इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था की ²ष्टि से शिवम विहार कालोनी के ओडी शर्मा के घर पुलिस वालों को भेजा गया था। इस बारे में ज्यादा कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
शिवम विहार कॉलोनी में आयकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप