यूक्रेन में बमबारी जारी, बाइडेन ने कहा रूस और नाटो के टकराव से हो सकता है तृतीय विश्व युद्ध

Russia Ukraine War Live Updates in Hindi

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध का आज 17वां दिन है और यूक्रेन में स्थिति नाजुक बनी हुई है क्योंकि वहां पर अभी भी बमबारी जारी है। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बाद, दो सप्ताह से भी कम समय में करीब 20 लाख लोगों ने पूर्वी यूरोपीय देश छोड़ दिया है, जिनमें से आधे बच्चे हैं और हर नए दिन के साथ यह पलायन द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप का सबसे बड़ा शरणार्थी संकट बनता जा रहा है। रूसी सेना से घिरे यूक्रेनी शहरों में मानवीय स्थिति और अधिक विकट हो गई है, जिसमें मारियुपोल भी शामिल है, जहां सड़कों पर हर तरफ शव नजर आ रहे हैं और अभी तक वहां कोई मानवीय मदद नहीं पहुंच पाई है। यूक्रेन पर रूस के हमले को देखते हुए अमेरिका और यूरोपीय देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। ऐसे में प्रतिबंधों से परेशान रूस की तेल कंपनियां भारत को तेल पर भारी छूट ऑफर कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन ने कहा कि रूस रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की भारी कीमत चुकाएगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन में रूस से अमेरिका नहीं लड़ेगा क्योंकि नाटो और मास्को के बीच सीधा टकराव से तृतीय विश्व युद्ध की शुरुआत हो जाएगी।

Live Blog
Today08:35

बेलग्रेड में पुतिन समर्थकों का प्रदर्शन

यूक्रेन पर रूस के हमले के समर्थन में रविवार को कई कारें सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड से होकर गुजरीं। कार में सवार लोगों ने रूसी और सर्बियाई झंडे लहराए, हॉर्न बजाया और पुतिन (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन) समर्थक नारे लगाए। सर्बिया ने औपचारिक रूप से यूरोपीय संघ की सदस्यता की मांग करने और मास्को की आक्रामकता की निंदा करने वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करने के बावजूद अपने सहयोगी रूस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
Today08:35

रुसी हवाई हमले में पश्चिमी यूक्रेन में एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे को बनाया गया निशाना, 35 लोगों की मौत

 रूस ने नाटो सदस्य पोलैंड से सटे यूक्रेन की पश्चिम सीमा पर एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे पर मिसाइल दागी, जिसमें 35 लोगों की मौत हो गयी। यूक्रेन के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। नाटो के सदस्य पोलैंड से लगे सीमा मार्ग से 25 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित इस विशाल सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्र पर 30 से ज्यादा मिसाइल दागी गयीं। इसका उपयोग यूक्रेन के सैनिकों को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता रहा है। प्रशिक्षक अमेरिका एवं उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) देशों के होते हैं। पोलैंड यूक्रेन के लिए पश्चिमी सैन्य सहायता का पारगमन मार्ग है। 
Today08:34

यूक्रेन में अब तक 596 नागरिक मारे गये: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने कहा है कि यूक्रेन में युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक 596 नागरिकों की मौत हो चुकी है और कम से कम 1,067 लोग घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय की ओर से रविवार को बताया गया कि मारे गए लोगों में से 43 और घायलों में 57 बच्चे शामिल हैं।