हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजने की तैयारी में AAP, खेल विश्वविद्यालय की कमान भी दी जा सकती है

हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजने की तैयारी में AAP, खेल विश्वविद्यालय की कमान भी दी जा सकती है

आप के लिए पंजाब में पहली जीत है, जहां उसने 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 92 पर जीत हासिल की है। अगले महीने यहां से पांच राज्यसभा सीटें खाली हो जाएंगी और हरभजन सिंह को राज्यसभा भेजा जा सकता है।

आम आदमी पार्टी (आप) पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को राज्यसभा भेज सकती है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार राज्य की नवनिर्वाचित आप सरकार हरभजन सिंह को खेल विश्वविद्यालय की कमान भी सौंप सकती है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का वादा किया है। ये खबर उस समय आई जब भगवंत मान ने पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है।

आप की जीत के तुरंत बाद ही भज्जी के नाम से मशहूर हरभजन सिंह ने अपनी मां को गले लगाते हुए भगवंत मान की दिल को छू देने वाली तस्वीर साझा की थी। हरभजन सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि आम आदमी पार्टी और मेरे दोस्त भगवंत मान को हमारा नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई। यह सुनकर बहुत अच्छा लगा कि वह भगत सिंह के गांव खटकरकलां में नए सीएम के रूप में शपथ लेंगे, क्या तस्वीर है। यह माता जी के लिए गर्व का क्षण है।

आप के लिए पंजाब में पहली जीत है, जहां उसने 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 92 पर जीत हासिल की है। अगले महीने यहां से पांच राज्यसभा सीटें खाली हो जाएंगी और चुनाव आयोग ने पहले ही द्विवार्षिक चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। जरूरत पड़ी तो 31 मार्च को मतदान होगा। राज्यसभा चुनाव के बाद राज्यसभा में आप की संख्या 3 से बढ़कर 8 होने की उम्मीद है। पार्टी जल्द ही सीटों के लिए नामों की घोषणा कर सकती है।