जिले में 1,246 स्थानों पर बृहस्पतिवार रात को विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया जाएगा: ऋतु सुहास


गाजियाबाद
: जिले में 1,246 स्थानों पर बृहस्पतिवार रात को विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया जाएगा। इसके मद्देजनर संबंधित नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि वे भाईचारे की भावना के साथ त्योहार मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। बाइक पर स्टंट करने पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी, चेकिग प्वाइंट बनाए गए हैं। हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

बुधवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास ने आनलाइन माध्यम से सभी नगर निकाय के अधिकारियों, ग्राम प्रधानों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, वालंटियर्स के साथ जुड़कर उनके क्षेत्र के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी से अपील की है कि होली के पर्व को परंपरागत रूप से मनाएं, कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे, जिससे दूसरे व्यक्ति को ठेस पहुंचे। यदि किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि होलिका दहन कहीं भी ऐसे स्थान पर न किया जाए। जहां बिजली के तार हों, खाली स्थान पर ही होलिका दहन करें। एसपी देहात डा. ईरज राजा ने बताया कि गुंडा तत्व को चिह्नित किया जा चुका है। यदि किसी ने भी शांति व्यवस्था में खलल डाला तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उप जिलाधिकारी सदर विनय कुमार सिंह ने कहा कि होली के पर्व पर फर्जी पोस्ट या अफवाह कोई व्यक्ति फैलाए तो उसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दें। बिना सत्यता जानें किसी मैसेज को फारवर्ड न करें, यदि किसी ने अफवाह फैलाई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सभी धार्मिक स्थलों के बाहर हुई सफाई: नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सभी धार्मिक स्थलों के बाहर साफ-सफाई कराई गई है। सोसायटियों से लेकर कालोनियों में पानी की कमी न रहे, इसके लिए पूरी तैयारी की गई है। आवश्यकतानुसार पानी के टैंकर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

होलिका दहन के स्थान

लोनी में - 117 

लोनी बार्डर - 95

ट्रोनिका सिटी - 95 

निवाड़ी - 58

भोजपुर - 78 

मोदीनगर - 108

मसूरी - 59 

मुरादनगर - 121

सिटी जोन - 95 

कविनगर जोन - 37

मोहननगर जोन - 45

 विजयनगर जोन - 30

वसुंधरा जोन - 30

 खोड़ा - 66

इंदिरापुरम - 40