उत्तर प्रदेश बदला है और तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है: केशव प्रसाद मौर्य

 

UP Chunav 2022: कमल खिला तो फिर थर-थर कांपेंगे दंगाई, मुजफ्फरनगर में बोले केशव प्रसाद मौर्य

Publish Date:Tue, 08 Feb 2022 10:15 PM (IST)Author: Parveen Vashishta
मुजफ्फरनगर में सभा को संबोधित करते केशव प्रसाद मौर्य

मुजफ्फरनगर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पांच साल में जितना विकास हुआ, उतना सपा और बसपा दोनों की सरकारों में 15 सालों में भी नहीं हुआ। प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधरी है। कमल का फूल फिर से खिला तो दंगाई, अपराधी थर-थर कांपेंगे। 10 मार्च के बाद समाजवादी पार्टी का नाम समाप्तवादी पार्टी हो जाएगा।

'प्रदेश बदला और तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा'

उप मुख्यमंत्री ने मंगलवार को महर्षि शुकदेव इंटर कालेज के मैदान में जनसभा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बदला है और तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है। डबल इंजन की सरकार बिना रूके कार्य कर रही है। कहा, कमल के फूल का हर बटन गरीब आदमी का मकान बनाने का काम करेगा और दंगाई को सजा दिलाने और अपराधियों को जेल भेजने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार को प्रदेश की जनता ने देख लिया है, जो वादे किए थे वह पूर हुए हैं।

'प्रदेश में भाजपा की लहर'

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की लहर है। भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया है। जिसमें किसानों को ङ्क्षसचाई के लिए फ्री बिजली देने का संकल्प लिया है। भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से 22 तक ट्रेलर दिखाया है। अब वास्तविक फिल्म दिखाएंगे। विकास कार्य और तेजी से कराएंगे। सबका साथ और सबका विकास की तर्ज पर फिर से कार्य कराएंगे।

'वोट का ऋण दे दीजिए, ब्याज समेत लौटाएंगे'

शुकतीर्थ में आना सौभाग्य की बात उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शुकतीर्थ में आना सौभाग्य की बात है। कमल के फूल के लिए आशीर्वाद मांगता हूं। वर्ष 2017 में भी आया था और आपने कमल खिलाया था। इस बार फिर आया हूं और आगे भी आशीर्वाद लेने आऊंगा। उन्होंने कहा कि  प्रदेश के विकास के लिए वोट का ऋण दे दीजिए। विश्वास दिलाता हूं ब्याज समेत लौटाएंगे। केशव प्रसाद मौर्य शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम भी पहुंचे और आशीर्वाद लिया।

उधर, मेरठ की सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के कैथवाड़ी गांव में आयोजित जनसभा में केशव ने कहा कि 400 का दावा करने वाले 47 पर पहुंच गए हैं। 2022 में सपा गठबंधन के लिए यह आंकड़ा भी दोहराना मुश्किल होगा। कहा, 2014, 2017 व 2019 में लोगों ने कमल खिलाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने भरपूर विकास किया।