
गाजियाबाद : श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर समेत अन्य सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिर को फूलों और लाइटों से सजाया गया है। एक मार्च को कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा। साथ ही जो भक्त घर रहकर भगवान के दर्शन करना चाहते हैं उनके लिए आनलाइन प्रसारण की भी सुविधा रहेगी।
श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि ने बताया कि सोमवार को शाम सात बजे बाबा भोलेनाथ की मेंहदी होगी। नौ बजे शिव बारात निकलेगी और रात 11 बजे जयमाला होगी और मंदिर परिसर में भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। भजन गायक रसराज महाराज द्वारा भगवान शिव की लीलाओं का संगीतमय मंचन किया जाएगा। रात को 12 बजे से जलाभिषेक शुरू कर दिया जाएगा जो सुबह साढ़े तीन बजे तक चलेगा। इसके बाद आरती, श्रृंगार और भोग के बाद जलाभिषेक शुरू किया जाएगा। शाम साढ़े पांच बजे भगवान दूधेश्वर का पंचामृत पंचगव्य से अभिषेक और पंचोपचार, षोडशोपचार, राजोपचार से पूजन किया जाएगा। संध्या श्रृंगार श्री दूधेश्वर श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। 56 प्रकार के व्यंजनों के भोग प्रसाद जलाभिषेक शुरु होगा। मंदिर विकास समिति, पुलिस-प्रशासन, नगर निगम और भक्तों द्वारा व्यवस्थाएं की गई हैं।
आठों पहर होगा रूद्राभिषेक
महाशिवरात्रि के अवसर पर एक मार्च को अष्ट प्रहर भगवान दूधेश्वर का अभिषेक होगा। प्रथम प्रहर सुबह सात से नौ बजे तक, द्वितीय प्रहर सुबह नौ से 11 बजे तक, तृतीय प्रहर दोपहर 11 से एक बजे तक, चतुर्थ प्रहर दोपहर एक से तीन बजे तक, पंचम प्रहर दोपहर तीन से पांच बजे तक, षष्ठ प्रहर शाम पांच से सात बजे तक, अष्टम प्रहर रात्रि नौ से 11 बजे तक होगा। महाशिवरात्रि के दिन भक्तों के लिए मंदिर के फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।