जनता आखिर आपको नेता क्यों चुने?




मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र

कुल मतदाता-3,31,211

पुरुष मतदाता-1,78,491

महिला मतदाता-1,52,684

अन्य- 36

रोमांचक मोड़ पर है मोदीनगर में विधायक बनने की लड़ाई

मोदीनगर विधानसभा वैसे तो गाजियाबाद जिले में आती है लेकिन लोकसभा में यहां के लोग बागपत में वोट करते हैं। इतिहास गवाह है कि यहां के लोगों के तीन तीन बार नरेंद्र सिसौदिया तो तीन बार सुखबीर सिंह गहलौत जैसे कद्दावर नेता को विधानसभा भेजा। 2012 के बाद मोदीनगर विधानसभा से धौलाना का हिस्सा अलग होकर हापुड़ में मिल गया। 1957 व 1962 के चुनाव में कांग्रेस से विचित्रा सिंह ने जीत दर्ज कराई। 1967 के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया से एस. प्रसाद को चुनकर यहां की जनता ने विधानसभा भेजा। भारतीय क्रांति दल से शेर अली खान भी 1969 में चुनाव जीतकर विधायक बने। 1974 में कांग्रेस का फिर खाता खुला और मेघनाथ सिंह विधायक बने। 1977 में जनता पार्टी से सोहनबीर ने चुनाव जीता। वहीं, 1980 में हुए मध्यावधि चुनाव में इंडियन कांग्रेस से सुखबीर सिंह गहलौत ने चुनाव जीता। 1985 में कांग्रेस से विमला सिंह ने चुनाव जीता। जबकि, 1989 व 1991 में जनता दल से सुखबीर सिंह गहलौत विधायक चुने गए। 1993, 1996, व 2002 में भाजपा से नरेंद्र सिंह सिसौदिया लगातार तीन बार विधायक बने। 2007 में बसपा का खाता खुला और राजपाल सिंह लखनऊ पहुंचे। 2012 के चुनाव में रालोद कांग्रेस के गठबंधन से सुदेश शर्मा ने जीत दर्ज कराई। 2017 में फिर कमल खिला और डा. मंजू शिवाच विधायक बनीं। 2022 के चुनाव में भाजपा ने डा. मंजू शिवाच व सपा रालोद गठबंधन से सुदेश शर्मा पर शीर्ष नेतृत्व ने दांव खेला और फिर आमने सामने हैं। खास बात यह है कि पूर्व विधायक राजपाल सिंह भाजपा का दामन थाम चुके हैं। नगरपालिका का एक बार चुनाव लड़ चुकीं पेशे से चिकित्सक डा. पूनम गर्ग बसपा से अपनी किस्मत आजमा रही हैं तो कांग्रेस ने नीरज प्रजापति पर भरोसा जताकर उनको मैदान में उतारा है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक है, वैसे-वैसे माहौल भी रोजाना बन और बिगड़ रहा है। कुल मिलाकर सपा रालोद गठबंधन व भाजपा प्रत्याशी में रोमांचक मुकाबला बना हुआ है। 

मुस्लिम, जाट, जाटव समाज की है निर्णायक भूमिका:

मोदीनगर विधानसभा में मुस्लिम, जाट व जाटव समाज निर्णायक भूमिका में है। त्यागी, ब्राह्मण, वैश्य, गुर्जर के अलावा इस सीट पर अति पिछड़ा वर्ग की भी बड़ी तादाद है। इस सीट पर एक तबका ऐसा है, जो अपने मन की बात खुलकर बोल रहा है। जबकि, एक वर्ग ऐसा है, जो चुपचाप स्थिति पर नजर बनाए हुए है। चुप रहने वाला यह मतदाता हार जीत को तय करने में अहम भूमिका निभाने वाला है। पिछले चुनाव में भी इस मतदाता ने सभी अनुमानों पर पानी फेर दिया था। यह वर्ग प्रत्याशियों के जीत हार के गणित को भी बिगाड़ रहा है।


-डा. मंजू शिवाच, भाजपा

जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में आई हूं: डा. मंजू शिवाच

1-जनता आखिर आपको नेता क्यों चुने?

-भाजपा की करनी और कथनी में फर्क नहीं है। उसी नीति पर हम काम कर रहे हैं। जनता भी उसी को पसंद करती है। यही वजह है कि अपार जनसमर्थन हमें मिल रहा है।

2- मोदीनगर क्षेत्र के विकास को लेकर आपका क्या विजन है, क्या कसक है, विकास की किस तस्वीर पर फक्र है। प्रदेश को लेकर आपका क्या नजरिया है?

-मोदीनगर दोबारा से औद्योगिक नगरी बने, इसके लिए विधायक रहते भी हमने प्रयास किया। कई उद्योग स्थापित भी हुए। जो कुछ भी गुंजाइश है, उसको इस बार गति देने का काम किया जाएगा। मोदीनगर की पहचान देश व प्रदेश में अलग हो, इसके लिए लगातार कोशिश रहेगी। रैपिड रेल का मोदीनगर से गुजरना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

3- आपके क्षेत्र में कौन सी बड़ी समस्याएं हैं, कारण एवं समाधान क्या है?

- अधिकांश समस्याओं का समाधान कराया गया है। कुछ काम ऐसे हैं, जिनमें कागजी औपचारिकता के चलते कुछ समय लगता है। उनको दोबारा सरकार बनते ही पूरा कराया जाएगा। जाम एक बड़ी समस्या थी, लेकिन एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद काफी हद तक जाम से राहत मिली है।

4-अपने क्षेत्र में दल या स्वयं द्वारा किए गए दो बड़े कार्य बताएं?

- भोजपुर में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कट मिलना मेरे लिए व क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। आज भोजपुर में तेजी से उद्योग स्थापित हो रहे हैं। क्षेत्र को दो बड़े शिक्षण संस्थान मिले, जिनका निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा भी अनेक कार्य ऐसे हैं, जिनका सुखद परिणाम अगले कुछ दिन में दिखाई देगा।

5- पांच वर्ष में विधायक निधि द्वारा कराए गए कार्यों का विवरण दें?

-कोरोना जैसे काल में हमने चिकित्सा के क्षेत्र में बड़े कार्य किए। शिक्षा पर हमने काम किया। सीकरी महामाया को पौराणिक विरासत का दर्जा दिलाया। सड़कों की हालत सुधरी और बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए।

6-आप विधायक चुने गए तो कौन से तीन प्रमुख काम करना चाहेंगे?

-शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों पर और बेहतर तरीके से काम किए जाएंगे। गंगनहर पर पुलों का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। रोजगार स्थापित कराने पर जोर रहेगा।


-सुदेश शर्मा, रालोद-सपा गठबंधन

जनता ने आशीर्वाद दिया तो मोदीनगर में बनेगा ट्रामा सेंटर-सुदेश शर्मा

1-जनता आखिर आपको नेता क्यों चुने?

-मैंने विधायक व चेयरमैन रहते जनता की सेवा की। जनता मेरे व्यवहार और कार्य को बेहतर तरीके से समझती और जानती है। आज उसी वजह से जनता का सम्मान, प्यार, समर्थन मिल रहा है।

2- गाजियाबाद के विकास को लेकर आपका क्या विजन है, क्या कसक है, विकास की किस तस्वीर पर फक्र है। प्रदेश को लेकर आपका क्या नजरिया है?

-मोदीनगर आपसी भाइचारे का प्रतीक है। यहां लोग एक दूसरे से मेल मिलाप रखते हैं। यदि जनता ने मुझे इस बार मौका दिया तो मोदीनगर में जरूरतमंदों और कमजोर वर्ग के इलाज के ट्रामा सेंटर बनवाने का काम किया जाएगा। किसान, मजदूरों की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होगा।

3- आपके क्षेत्र में कौन सी बड़ी समस्याएं हैं, कारण एवं समाधान क्या है?

-सस्ती व बेहतर चिकित्सा लोगों को दिलाई जाएगी। सीवरेज की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। इसका समाधान कराया जाएगा। गन्ना भुगतान में तेजी आएगी। छोटी से छोटी समस्या मेरे लिए बड़ी है। इस पर काम किया जाएगा।

4-अपने क्षेत्र में दल या स्वयं द्वारा किए गए दो बड़े कार्य बताएं?

-जब मैं विधायक रहा तो गन्ना भुगतान को लेकर मैंने सदन में कुर्ता तक उतारा। मोदीनगर के श्रमिकों को उनके आवासों का मालिकाना हक दिलाने जैसा ऐतिहासिक काम कराया। अनेक ऐसे काम किए, जिसका जनता को आज भी लाभ मिल रहा है।

5-पांच वर्ष में विधायक निधि द्वारा कराए गए कार्यों का विवरण दें?

-2012 के चुनाव में जनता ने मुझे विधायक चुना। उस दौरान किसान, मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार कराया गया। जनता की आवाज को हर स्तर पर बुलंद किया गया। जनता भी इस बात को जानती है।

6- आप विधायक चुने गए तो कौन से तीन प्रमुख काम करना चाहेंगे?

-यातायात व्यवस्था बेहतर कराई जाएगी। सड़कों को दुरूस्त कराया जाएगा। पानी बिजली व्यवस्था बेहतर कराई जाएगी।


डा. पूनम गर्ग, बसपा

साफ सुथरी राजनीति मेरी प्राथमिकता है: डा. पूनम गर्ग

1-जनता आखिर आपको नेता क्यों चुने?

-बसपा प्रमुख मायावती ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में एक मिसाल पेश की। दबे, कुचले, शोषित वर्ग को सम्मान मिला। उसी विजन को लेकर हम चुनाव मैदान में हैं।

2- मोदीनगर के विकास को लेकर आपका क्या विजन है, क्या कसक है, विकास की किस तस्वीर पर फक्र है। प्रदेश को लेकर आपका क्या नजरिया है?

-भ्रष्टाचार मुक्त शासन हमारी प्राथमिकता है। आज आम आदमी परेशानियों से जूझ रहा है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो और लोगों को शत प्रतिशत सरकार की योजनाओं का लाभ मिले, यह हमारी प्राथमिकता है।

3- आपके क्षेत्र में कौन सी बड़ी समस्याएं हैं, कारण एवं समाधान क्या है?

-सिस्टम में फैला भ्रष्टाचार एक बड़ी समस्या है। सड़के बदहाल हैं। पेयजल और महंगी बिजली भी लोगों के लिए एक बड़ी समस्या है। इन सब मुद्दों पर बेहतरी से काम किया जाएगा।

4-अपने क्षेत्र में दल या स्वयं द्वारा किए गए दो बड़े कार्य बताएं?

-अभी मुझे विधायक बनने का अवसर नहीं मिला हैं। जनता ने मौका दिया तो छोटी से छोटी समस्या को बड़ी समझकर काम किया जाएगा।

6- आप विधायक चुने गए तो कौन से तीन प्रमुख काम करना चाहेंगे?

-राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाई जाएगी। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आरओबी बनवाया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था बेहतर की जाएगी।


-नीरज प्रजापति, कांग्रेस

कांग्रेस ने भेदभाव को मिटाकर की सकारात्मक राजनीति-नीरज प्रजापति

1-जनता आखिर आपको नेता क्यों चुने?

-आजादी के समय देश कहां खड़ा यह बात किसी से छिपी नहीं है। सकारात्मक राजनीति के बूते देश ने विकास की रफ्तार पकड़ी, इसकी बुनियाद कांग्रेस ने जमाई थी। उसी को जनता के बीच हम लेकर जा रहे हैं और जनता इसको समझ भी रही है। 2-मोदीनगर के विकास को लेकर आपका क्या विजन है, क्या कसक है, विकास की किस तस्वीर पर फक्र है। प्रदेश को लेकर आपका क्या नजरिया है?

-मोदीनगर में यातायात व्यवस्था एक बड़ी समस्या है। उद्योगों की स्थापना उस रफ्तार से नहीं हो सकी, जो होनी चाहिए थी। आज जनता दूसरी सरकारों की मंशा को समझ चुकी है। इसलिए कांग्रेस ही जनता की भलाई का काम कर सकती है।

3- आपके क्षेत्र में कौन सी बड़ी समस्याएं हैं, कारण एवं समाधान क्या है?

-मेरी राय में सीवरेज में अनियमितता की समस्या सबसे बड़ी है। इसका निराकरण कराया जाएगा। गन्ना भुगतान भी किसानों के लिए बड़ी समस्या है। न ही गन्ने के भाव में इजाफा हुआ। इन समस्याओं को शासन स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

 4-अपने क्षेत्र में दल या स्वयं द्वारा किए गए दो बड़े कार्य बताएं?

-मुझे अभी विधायक बनने का मौका नहीं मिला, इसलिए अभी इसमें कुछ नहीं कह सकती।

6- आप विधायक चुने गए तो कौन से तीन प्रमुख काम करना चाहेंगे?

-पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। किसान, मजदूरों का कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। बहन बेटियों की सुरक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता में रहेगी। समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर काम किया जाएगा।