टोल पर कुछ बिदुओं पर किसान नेताओं की सहमति बनी

मुरादनगर: टोल पर किसानों से कथित बदतमीजी के मामले में शुक्रवार को थानाध्यक्ष सतीश कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान किसान नेताओं ने अपनी समस्याएं बताईं और टोल अधिकारियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं। इस दौरान कुछ बिदुओं पर  किसान नेताओं की सहमति बन गई। टोल अधिकारियों ने एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही अन्य बिदुओं का समाधान निकालने की बात कही। भाकियू के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने कहा कि टोल पर कर्मचारी किसानों से अभद्रता करते हैं। दुहाई समेत स्थानीय किसानों से कोई टोल नहीं लिया जाना चाहिए। इस दौरान टोल अधिकारियों ने कहा कि हर किसी व्यक्ति को बिना टोल वसूले नहीं जाने दिया जा सकता। उन्होंने कई अन्य व्यवहारिक समस्याएं भी गिनाईं।

इस दौरान कुछ वाहनों के नंबर टोल अधिकारियों को दे दिए गए। साथ ही स्थानीय लोगों का आधार कार्ड दिखाकर निकालने की बात पर भी चर्चा हुई। टोल अधिकारियों में प्रोजेक्ट मैनेजर विनय वर्मा, हेमंत राजपूत, विजय कुंडू आदि मौजूद रहे। जबकि, किसान नेताओं में जयकुमार मलिक, प्रवीण कुमार, टीनू चौधरी आदि शामिल रहे। अंत में टोल अधिकारियों ने कई अन्य बिदुओं पर एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर समस्या का हल निकालने की बात कही। थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों से शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की। ज्ञात हो कि किसान नेताओं से टोल पर बदतमीजी का आरोप लगाते हुए चार दिन पहले भाकियू ने इस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे स्थित दुहाई टोल पर हंगामा किया था। इस दौरान साढे तीन घंटे टोल फ्री रहा।