साहिबाबाद : विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में पुलिस की ओर से की गई निरोधात्मक कार्रवाई काफी कारगार साबित हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इससे अधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।
15 हजार से ज्यादा लोग पाबंद : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आठ जनवरी को आचार संहिता लागू हुई। पुलिस ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कमर कस ली। चुनाव में गड़बड़ी करने वाले 15,388 लोगों को पाबंद किया गया। असलहों के दम पर चुनाव प्रभावित न हो, इसके लिए 10,360 लाइसेंसी असलहे जमा कराए गए। तीन दर्जन असलहों का लाइसेंस निरस्त हुआ। एनबीडब्ल्यू के तहत 299 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। आचार संहिता के उल्लंघन में 34 मुकदमे दर्ज हुए।
शराब खपाने से रोका : पुलिस ने इस दौरान करीब तीन हजार लीटर शराब बरामद किया। तस्कर इसे चुनाव में खपाने की योजना बनाए थे। चुनाव में अगर यह शराब खप जाती तो स्थिति खराब हो सकती थी। इसी तरह पुलिस ने करीब 200 किलोग्राम गांजा, स्मैक, चरस और अफीम जब्त की। धनबल का प्रयोग न हो इसके लिए करीब 90 लाख रुपये जब्त किए।
सीमाओं पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था : बृहस्पतिवार को दिल्ली और पड़ोसी जिले गौतमबुद्धनगर, हापुड़, मेरठ और बागपत की सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। दिल्ली की सीमाओं पर 26 और पड़ोसी जिलों की सीमाओं पर 24 चेकपोस्ट पर चेकिग की गई। सघन चेकिग के बाद वाहनों को जिले में प्रवेश दिया गया। वर्जन.. प्रत्येक मतदान केंद्र और बूथ पर अर्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस तैनात रही। कोई अप्रिय घटना नहीं घटित हुई। शांतिपूर्वक मतदान हुआ है।
-डा.ईरज राजा, नोडल अधिकारी, विधानसभा चुनाव व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण।
दिल्ली की सीमाओं पर कड़ी नजर रखी गई। सघन चेकिग के बाद ही वाहनों को जिले की सीमा में प्रवेश दिया गया।
- अभय कुमार मिश्र, पुलिस उपाधीक्षक।