गाजियाबाद. लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव के दौरान बृहस्पतिवार को आम मतदाताओं के साथ जनप्रतिनिधियों से लेकर खास लोगों ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई और मतदान किया। खास लोगों ने खुद तो मतदान किया ही साथ ही आम लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वोट डालने से पहले व बाद में अधिक से अधिक मतदान की अपील की। सभी अपने-अपने मतदान केंद्र व बूथ पर पहुंचे और मतदान के बाद फोटो साझा कर वोट डालने का संदेश दिया। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने गनौली, लोनी से गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया ने जावली, विधायक सुनील शर्मा ने राजनगर और अन्य विधायकों व प्रत्याशियों ने अपने-अपने मतदान केंद्र पर वोटिग की।
वोट कर बना महापर्व का हिस्सा : बीके शर्मा हनुमान
विश्व ब्राहमण संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता बीके शर्मा हनुमान ने हरसांव पुलिस लाइन स्थित पुलिस माडर्न स्कूल में वोट दिया। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था व प्रदेश और देश के विकास के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए वोट दिया है। मतदान करना जरूरी: ममता बसंत त्यागी
जिला पंचायत अध्यक्ष ममता बसंत त्यागी ने लोनी स्थित नानू मंडोला के मतदान केंद्र पर जाकर मतदान किया। उन्होंने अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक किया।
सुरक्षा और प्रदेश के विकास के लिए किया मतदान : वीके सिंह
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह राजनगर स्थित शिलर इंस्टीट्यूट में पत्नी भारती सिंह के साथ पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और अपना वोट सुरक्षा और प्रदेश व देश के बढ़ते विकास के लिए करें। आने वाले चरणों में भी उत्साह के साथ वोट करें।
प्रदेश में सुरक्षा व कानून व्यवस्था की मजबूती को किया मतदान : अतुल गर्ग
प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने पत्नी सुधा गर्ग व अन्य स्वजन के साथ कविनगर स्थित जैनमति स्कूल पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिए मतदान किया है। लोग भी अपने मताधिकार का अधिक से अधिक प्रयोग करें।
विकास की सोच के साथ किया वोट : अनिल अग्रवाल
राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कविनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में वोट डाला। उन्होंने कहा कि उनका वोट विकास की सोच के लिए तथा प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था के लिए है। लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
बेहतर भविष्य के लिए किया मतदान : अजितपाल त्यागी
मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी ने लोहियानगर स्थित गुरुनानक स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने वोट किया है। लोगों को भी इस महापर्व में वोट कर देश को मजबूती प्रदान करनी चाहिए.