मुरादनगर: मनौली गांव में शुक्रवार शाम को खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक करते वक्त करंट लगने से लाइनमैन की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। ईस्टर्न पेरिफेरल भी लोगों ने जाम कर दिया। पुलिस ने समझाकर किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया। स्वजन ने बिजलीघर में तैनात कर्मचारियों पर जानबूझकर लाइन में करंट छोड़कर लाइनमैन की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने छानबीन कर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। खैराजपुर गांव के सलीम हुसैनपुर बिजली घर पर लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार को लाइन में फाल्ट होने की सूचना मिलने पर बिजली घर से शटडाउन लेकर वे मनौली गांव के खेत में खंभे पर चढकर फाल्ट ठीक कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बिजली घर से लाइन चालू कर दी गई और उनको करंट लग गया। इसमें वे बुरी तरह झुलस कर लाइन व खंभे के मध्य अटके रह गए और वहीं उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही खैराजपुर, हुसैनपुर मनौली के बड़ी तादाद में लोग मौके पर एकत्र हो गए। जिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि सलीम का सोची समझी साजिश के तहत करंट छोड़कर हत्या की गई है। मामला बढ़ता देखकर इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई। पुलिस के सामने भी लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर बिजली विभाग के आलाधिकारी भी जुट गए। उन्होंने स्वजन को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी सतीश कुमार कहना है कि शव को पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जो भी लिखित शिकायत मिलेगी,उसी आधार पर कार्रवाई आगे बढेगी।
लोगों ने किया जाम : घटना से नाराज लोगों ने तीन घंटे तक सलीम के शव को खंभे से नहीं उतरने दिया। नाराज लोग ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। नाराज लोगों ने एक्सप्रेस वे पर जाम लगा दिया। इस दौरान पेरिफेरल पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रात आठ बजे तक भी लोग एक्सप्रेस वे पर ही बैठे हुए थे। मौके पर तहसीलदार हरि प्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन लोग उनकी बात मानने को तैयार नहीं थे। तहसीलदार ने बताया कि लोगों को समझाया जा रहा है। कई मांगों पर सहमति बन गई है और जाम खुलवा दिया गया है।