स्लैब टूट कर गिरने से 30 लोग कुएं में गिर गए

 

कुशीनगर में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान कुएं में गिरे 30 लोग, 13 की मौत

Author: Pradeep SrivastavaPublish Date: Wed, 16 Feb 2022 11:31 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Feb 2022 10:07 AM (IST)
Big accident in kushinagar: इसी कुएं में गिरकर हुई मौतें। - एएनआई

कुशीनगर। Big accident in kushinagar: कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे कुएं पर रखा स्लैब टूट कर गिरने से 30 लोग कुएं में गिर गए। हादसे में दो महिलाओं और 11 अन्य जिसमे बच्चे, किशोर-किशोरी, युवक युवती शामिल हैं की मौत गई। घटना के समय सभी लोग एक परिवार में हल्दी की रस्म के उत्सव में चल रहा डांस देख रहे थे। कई थानों की फोर्स रेस्क्यू आपरेशन कर बाहर निकाला।

ऐसे हुआ हादसा

उक्त थाना क्षेत्र के नौरंगिया के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के पुत्र की बृहस्पतिवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दौरान गांव में स्थित कुआं पर मटकोड़ करने गई थीं। उनके साथ बच्चे भी गए थे। इसके बाद कुआं पर बने ढक्कन, स्लैब पर खड़ा होकर डांस देखने लगे। इस बीच स्लैब टूटकर कुआं में गिर पड़ा। बच्चे समेत महिलाएं कुआं में गिरकर दब गए। घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। सब लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों की मदद से पुलिस सभी को बाहर निकाला

इस बीच पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर सबको बाहर निकाला। इसमें डेढ़ घंटे लग गए और तब तक काफी देर हो चुकी थी। 11 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। इधर कोटवा सीएचसी में भर्ती दो बच्चों ने भी दम तोड़ दिया। सीएमएस डा एसके वर्मा ने बताया कि पांच से 25 वर्ष के नौ लोगों की और दो महिलाओं की मौत हो गई है। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। डीएम एस राजलिंगम व एसपी सचिन्द्र पटेल ने बताया कि इस लोमहर्षक घटना से सभी स्तब्ध हैं। जांच कराई जा रही है कि घटना में लापरवाही कहां और कैसे हुई।

मुख्यमंत्री ने शोक जताया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कुए में गिरने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य संचालित करने तथा हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

इनकी हुई मृत्यु

परी पुत्री अजय चौरसिया उम्र डेढ़ वर्ष निवासी निबुवा नौरंगिया थाना निबुवा नौरंगिया।

मीरा पुत्री सुग्रीव विश्वकर्मा 22 वर्ष निवासी उपरोक्त्त।

सुंदरी पुत्री प्रमोद कुशवाहा 09 वर्ष पता उपरोक्त।

राधिका पुत्री महेश कुशवाहा 20 वर्ष पता उपरोक्त।

मन्नू पुत्री श्रवण विश्वकर्मा 12 वर्ष पता उपरोक्त।

पूजा यादव पुत्री बलवंत यादव 20 वर्ष पता उपरोक्त।

शशिकला चौरसिया पुत्री मदन 16 वर्ष पता उपरोक्त।

ज्योति चौरसिया पुत्री राम बड़ाई 15 वर्ष पता उपरोक्त।

पूजा चौरसिया पुत्र राम बड़ाई 17 वर्ष पता उपरोक्त।

ममता पत्नी रमेश चौरसिया 35 वर्ष पता उपरोक्त।

शकुंतला पत्नी भोला 34 वर्ष पता उपरोक्त।

बृंदा पुत्री मंगरू 20 वर्ष पता उपरोक्त।

आरती पुत्री इंद्रजीत चौरसिया 07 वर्ष पता कसया थाना कसया।