भाजपा को लगा एक और झटका, अवतार सिंह भड़ाना ने पार्टी छोड़ी, RLD का थामा दामन

 भाजपा को लगा एक और झटका, अवतार सिंह भड़ाना ने पार्टी छोड़ी, RLD का थामा दामन

प्रतिरूप फोटो

भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने पार्टी को अलविदा कहते हुए रालोद का दामन थाम लिया है। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने ट्वीट किया कि पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता अवतार सिंह भड़ाना ने आज रालोद पार्टी ज्वाइन की। कद्दावर नेता अवतार सिंह भड़ाना मुजफ्फरनगर के मीरपुर से विधायक हैं। उन्होंने भाजपा की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था।

नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। भाजपा विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने पार्टी छोड़ दी है। इसके बाद अवतार सिंह भड़ाना ने बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की और फिर रालोद का दामन थाम लिया। जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता अवतार सिंह भड़ाना ने आज रालोद पार्टी ज्वाइन की।

कौन हैं अवतार सिंह भड़ाना ?

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता अवतार सिंह भड़ाना मुजफ्फरनगर के मीरपुर से विधायक हैं। उन्होंने भाजपा की टिकट पर साल 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ा था और मीरपुर से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर साल 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि उन्होंने विधानसभा पद से इस्तीफा नहीं दिया था। ऐसे में उन्हें भाजपा का ही विधायक माना जाता रहा है। 

भाजपा को लगातार लग रहे झटके

एक दिन पहले भाजपा को स्वामी प्रसाद मौर्या के रूप में बड़ा झटका लग चुका है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया और उनके साथ ही 3 और विधायकों ने भाजपा छोड़ दी। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की।