माइकल लोबो के पार्टी छोड़ने पर बोले सीटी रवि, भाजपा में स्वार्थ की राजनीति नहीं चलती

माइकल लोबो के पार्टी छोड़ने पर बोले सीटी रवि, भाजपा में स्वार्थ की राजनीति नहीं चलती

प्रतिरूप फोटो

भाजपा महासचिव सीटी रवि ने कहा कि हर सर्वे में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीत रही है। महज पंजाब में ही कांग्रेस आगे है और दूसरी पार्टियां पीछे चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने 'ब्लैकमेल और परिवार के विस्तार' की राजनीति करने की कोशिश की। उनकी पत्नी को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी छोड़ दी।

पणजी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने बुधवार को कहा कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हुए हर सर्वे में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीत रही है और कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) जैसी पार्टियां पीछे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि महज पंजाब में ही कांग्रेस दिखाई दे रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले माइकल लोबो पर भी निशाना साधा। 

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा महासचिव सीटी रवि ने कहा कि हर सर्वे में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीत रही है। महज पंजाब में ही कांग्रेस आगे है और दूसरी पार्टियां पीछे चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने 'ब्लैकमेल और परिवार के विस्तार' की राजनीति करने की कोशिश की। उनकी पत्नी को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी छोड़ दी, ऐसे लोग स्वार्थ के लिए चले गए। भाजपा में इस तरह की राजनीति नहीं चलती।

इससे पहले गोवा भाजपा प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने भी माइकल लोबो पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि माइकल लोबो को निराशा होगी क्योंकि प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने वाली है। दरअसल, प्रमोद सावंत सरकार में मंत्री माइकल लोबो ने सोमवार को भाजपा पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए मंत्रिमंडल के साथ विधानसभा पद से भी इस्तीफा दे दिया था। माइकल लोबो केलनगुटे विधानसभा सीट से विधायक थे। भाजपा छोड़ने के बाद माइकल लोबो ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। माइकल लोबो अपनी पत्नी डेलिलाह के साथ कांग्रेस के गोवा प्रभारी दिनेश गुंडु और नेता प्रतिपक्ष दिंगम्बर कामत की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए।