गाजियाबाद: नया साल जिले में नारी शक्ति के लिए कई सौगातें लेकर आएगा। साल 2022 में संयुक्त अस्पताल में वन स्टाप सेंटर की बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी। डासना में राजकीय महिला डिग्री कालेज का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा इस साल से ही विधवाओं और वृद्धाओं को पेंशन भी पांच सौ से बढ़कर एक हजार रुपये मिलने लगेगी। वन स्टाप सेंटर की बिल्डिंग से मिलेगी मदद : वन स्टाप सेंटर की नई बिल्डिंग से जिले की महिलाओं, युवतियों को न्याय दिलाने में मदद होगी। सेंटर में महिलाओं के पांच दिन रुकने की व्यवस्था, लाइब्रेरी, मेस के साथ ही उनको कानूनी जानकारी देने के लिए लीगल एडवाइजर, मेडिकल फैसिलिटी भी मिलेगी। महिलाओं की काउंसिलिग कर उनको सशक्त बनाया जाएगा, ताकि वह खुद को कमजोर और अकेला न समझें। प्रदेश सरकार ने वन स्टाप सेंटर के निर्माण के लिए 48 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल में अक्टूबर 2021 से वन स्टाप सेंटर बनाने का कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया है। मार्च 2022 में यह कार्य पूरा हो जाएगा। इससे महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। दोगुनी पेंशन का लाभ : जिले में 27,600 विधवाएं हैं, जिनको विधवा पेंशन का लाभ दिया जाता है। इसके अलावा 13 हजार वृद्धजन हैं। इनमें चार हजार वृद्ध महिलाएं हैं। अब तक इनको 500 रुपये पेंशन मिलती थी। महिलाएं पेंशन बढ़ाने की मांग कर रही थीं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उनकी मांग मान ली है। जनवरी 2022 से दोगुनी पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे महिलाओं में खुशी है। उनका कहना है कि पेंशन में बढ़ोतरी से राहत मिली है। डिग्री, बालिका इंटर कालेज की सौगात : रजापुर ब्लाक स्थित डासना में राजकीय महिला डिग्री कालेज चार करोड़ 77 लाख की लागत से निर्माण हुआ था, लेकिन बजट के अभाव में इस साल काम पूरा नहीं हो सका। निर्माणकारी कंपनी ने बजट में चार करोड़ 44 लाख की मांग की है। उम्मीद है कि इस साल डिग्री कालेज का काम पूरा हो जाएगा। वहीं लोनी के प्रेम नगर में माडल इंटर कालेज बालिकाओं के लिए बनकर तैयार हो चुका है। इसका भी प्रस्ताव 2015 में पास हुआ और 2019 में निर्माण पूरा होकर शिक्षा विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। स्वयं सहायता समूह बनेंगे: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2022 में स्वयं सहायता समूह की संख्या बढ़ेगी। मशरूम, कमल की खेती के साथ ही मसालों की पैकेजिग का कार्य महिलाएं करेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली महिलाओं को राहत मिलेगी। सिलाई का प्रशिक्षण ले चुकीं महिलाओं का कंपनी से टाइअप कराया जाएगा, ताकि उनको आमदनी हो सके। वर्जन.. जिले में चार इंटर कालेज बनकर तैयार हैं। पद सृजित नहीं होने से इन इंटर कालेज का संचालन अभी शुरू नहीं हो सका है। शासन को पत्र लिखा गया है। इन कालेज में प्रिसिपल सहित शिक्षक और अन्य स्टाफ को मिलाकर 25-25 स्टाफ की नियुक्ति होनी है। उम्मीद है कि इस साल नियुक्ति हो जाएगी।
प्रदीप कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक।
वन स्टाप सेंटर की बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी पर है। जल्द ही यह कार्य पूरा होगा। वन स्टाप सेंटर में महिलाओं को कानूनी, मेडिकल सलाह दी जाएगी और मुसीबत के समय उनका हौसला बढ़ाया जाएगा। इससे वह खुद को सशक्त और आत्मनिर्भर बना सकेंगी।
-विकास चंद्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी।