दिल्ली-मेरठ हाईवे पर रविवार को दिन निकलते ही भीषण जाम लग गया


जाम ने रोकी हाईवे की रफ्तार, लोग परेशान

मोदीनगरदिल्ली-मेरठ हाईवे पर रविवार को दिन निकलते ही भीषण जाम लग गया। वाहनों की लंबी-लंबी कतारें हाईवे पर देखने को मिली। लोग जाम में फंसकर बुरी तरह परेशान नजर आए। उन्हें मिनटों का सफर तय करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि, पुलिसकर्मी यातायात सामान्य कराने के प्रयास में जुटे रहे। लेकिन, जाम की विकराल स्थिति के सामने वे भी बेबस नजर आए।

इन दिनों शहर जाम से जूझ रहा है। रोजाना हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग रहीं हैं। सुबह से शाम तक यही स्थिति बनी रहती है। रविवार को भी भीषण जाम शहर में लग गया। काफी देर तक एक ही जगह खड़े रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सबसे बुरी स्थिति बसस्टैंड के पास ही रही। कस्बा रोड चौकी के आसपास बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े होना भी जाम का कारण बना। गाजियाबाद से आने वाले वाहनों की कतार गुरुद्वारा रोड से शुरू होकर मोदी मंदिर को भी पार कर गई। उधर, मेरठ की तरफ से आने वाले वाहनों की कतार भगवान गंज मंडी कट से शुरू होकर सौदा रोड कट तक पहुंच गई। जाम में फंसे लोग सिस्टम को कोसते नजर आए। पूरे दिन उन्हें जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ी। जाम के दौरान पैदल चलने के लिए भी जगह हाईवे पर नहीं बची थी। लोगों ने जाम खुलवाने के लिए टविटर के माध्यम से भी पुलिस से शिकायत की। इस बारे में एसएचओ मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सभी यू-टर्न पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वाहनों का दबाव बढ़ने पर कभी-कभी जाम की स्थिति बन जाती है। रविवार को जाम की सूचना पर तुरंत टीम को भेजकर यातायात सामान्य कराया गया।