गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिलों की सभी 8 सीटों पर BJP ने एक बार फिर अपने सभी मौजूदा विधायकों को पर दांव लगाया

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) के पहले और दूसरे चरण के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट शनिवार को जारी कर दी है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिलों की सभी 8 सीटों पर BJP ने एक बार फिर अपने सभी मौजूदा विधायकों को पर दांव लगाया है।

भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए गाजियाबाद में सभी पांचों विधानसभा सीटों पर अपने मौजूदा विधायकों को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतार दिया है। यहां किसी का भी टिकट नहीं काटा गया है। भाजपा ने गाजियाबाद से अतुल गर्ग, साहिबाबाद सीट से सुनील शर्मा, लोनी से नंद किशोर गुर्जर, मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच, मुरादनगर से अजित पाल त्यागी को टिकट दिया है।

वहीं, गौतमबुद्धनगर जिले की तीनों सीटों पर भी भाजपा द्वारा तीनों मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। दादरी से तेजपाल सिंह नागर, जेवर से धीरेंद्र सिंह और नोएडा से पंकज सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

यूपी चुनाव 2022 : BJP ने गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में फिर लगाया पुराने चेहरों पर दांव, देखें लिस्ट
bjp candidates list for noida and ghaziabad


यूपी में 7 चरणों में होगा मतदान

बता दें कि, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इस बार यहां सात चरणों में मतदान होगा और 10 मार्च को मतगणना होगी। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को शानदार सफलता मिली थी। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 14 मई 2022 को समाप्त हो जाएगा। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिले की सभी 8 सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा।

यूपी में पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी को होगा। पहले चरण के मतदान के लिए 14 जनवरी 2022 को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है और 21 जनवरी तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 24 जनवरी को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी और 27 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

गौरतलब है कि बीते दिनों कई मंत्रियों और और विधायकों द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद भाजपा नेताओं और विधायकों में टिकट बंटवारे को लेकर असमंजस बना हुआ था। इस बार किसको टिकट मिलेगा और किसका टिकट कटेगा, इसको लेकर भाजपा ने आज अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक लिस्ट जारी कर अब काफी हद तक स्थिति स्पष्ट कर दी है।