अमृतसर में फिर उतरा कोरोना संक्रमितों से भरा विमान, रोम से आए 173 यात्रियों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

अमृतसर में फिर उतरा कोरोना संक्रमितों से भरा विमान, रोम से आए 173 यात्रियों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

प्रतिरूप फोटो

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पंजाब के अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोरोना संक्रमित यात्रियों से भरा हुआ विमान उतरा है। रोम से आए इस विमान में 290 यात्री सवार थे, जिनमें से 173 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे एक दिन पहले मिलान शहर से आए विमान में 125 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए थे।

जलंधर। देशभर में कोरोना संक्रमण ने कोहराम मचाया हुआ है। इसी बीच एक बार फिर से पंजाब के अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कोरोना संक्रमित यात्रियों से भरा हुआ विमान उतरा है। रोम से आए इस विमान में 290 यात्री सवार थे, जिनमें से 173 यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह पहली दफा नहीं है। इससे पहले गुरुवार को इटली के मिलान शहर से एक चार्टर विमान अमृतसर में उतरा था। जिसमें सवार 179 यात्रियों में से 125 यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 

रोम से आया विमान

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शुक्रवार को इटली की राजधानी रोम से उड़कर एक विमान अमृतसर हवाई अड्डा पर उतरा। इस विमान में 290 यात्री सवार थे। जिनका कोरोना टेस्ट किया गया और उनमें से 173 यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि अभी कुछ यात्रियों की रिपोर्ट आना बाकी है। इसी बीच हम आपको जानकारी दे दें कि केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए शुक्रवार को नई गाइडलाइन्स जारी की हैं। जिसके मुताबिक दूसरे देशों से भारत आए यात्रियों 7 दिन के लिए होम आइसोलेशन में रहना अनिवार्य होगा। इसके अलावा 8वें दिन आरटी-पीसीआर जांच कराना अनिवार्य कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी की गई नई गाइडलाइन्स 11 जनवरी से प्रभावी होगी।

आपको बता दें कि इटली को जोखिम वाले देशों की सूची में शामिल किया गया है। ऐसे में गुरुवार को मिलान से आने वाले एक चार्टर विमान के 179 यात्रियों में से 160 यात्रियों का कोरोना टेस्ट किया गया। जिनमें से 125 यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अधिकारियों ने बताया था कि 179 यात्रियों में से 19 नवजात बच्चे थे, इसीलिए उनका कोरोना टेस्ट नहीं किया गया है। इतना ही नहीं अधिकारियों ने टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने वाले 35 यात्रियों से उनकी सेहत पर नजर रखने की सलाह भी दी थी। 

एक लाख से ज्यादा मामले आए सामने

देश में कोरोना के एक दिन में आने वाले मामले 214 दिनों बाद एक लाख से अधिक दर्ज किए गए, जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,52,26,386 हो गई। इनमें 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से आए ओमीक्रोन वेरिएंट के 3,007 मामले भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अभी तक आए ओमीक्रोन के कुल मामलों में से 1,199 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 876 मामले आए। इसके बाद दिल्ली में 465, कर्नाटक में 333, राजस्थान में 291, केरल में 284 और गुजरात में 204 मामले आए। देश में एक दिन में इस महामारी के 1,17,100 नए मामले आए जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3,71,363 हो गई जो करीब 120 दिनों में सबसे अधिक है।