
शिमला। जिला शिमला का युवा नशे के जाल में फंसता जा रहा है। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत धरपकड़ शुरू की गई है। सख्ती बढ़ने के बाद नशे के मामलों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वर्ष 2022 के पहले ही सप्ताह में पुलिस ने 9 दिनों में चिट्टे और चरस के 8 मामले पकड़े हैं। इसमें 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 255.22 ग्राम चिट्टा और चरस भी पकड़ी है। सभी आरोपितों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से इन्हें रिमांड पर भेजा जा चुका है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है कि यह चिट्टा लाए कहां से थे और इसकी सप्लाई किसे करने वाले थे।
पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कई अभियान चलाए जा रहे हैं। बावजूद इसके प्रदेश के युवा नशे के दलदल में फंसते जा रहे हैं। नशाखोरों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए दो ग्राम चरस, गांजा या अफीम मिलने पर सीधे जेल जाने का प्रविधान है। फिर भी तमाम सख्तियां नाकाफी साबित हो रही हैं।
कब पकड़ा कितना नशा
नव वर्ष की पूर्व संध्यान पर शिमला पुलिस ने एचआरटीसी की बस में 19.70 ग्राम चिट्टा पकड़ा था। पुलिस ने इसमें एक आरोपित को गिरफ्तार भी किया था। इसी तरह 1 जनवरी को 6.60 ग्राम चिट्टा, 2 जनवरी को 7.20 ग्राम चिट्टा पकड़ा था। 3 जनवरी को पुलिस ने 76.52 ग्राम और 36.61 ग्राम चरस दो अलग अलग मामलों में पकड़ी थी। 4 जनवरी को 13.81 ग्राम चिट्टा पुलिस ने पकड़ा था। 8 जनवरी को पुलिस ने 94.77 ग्राम चिट्टे के साथचार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। एसपी शिमला डॉ. मोनिका भुटूंगरू का कहना है कि पुलिस की यह मुहिम आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी।