सात दिसंबर को होने वाली रैली की तैयारियों का निरीक्षण के लिए सपा प्रदेशअध्यक्ष मेरठ पहुंचे

सात दिसंबर को होने वाली रैली की तैयारियों का निरीक्षण के लिए सपा प्रदेशअध्यक्ष मेरठ पहुंचे

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल का कहना है कि 2022 का विधानसभा चुनाव जीतकर सपा सरकार बनाएगी। रालोद और कई छोटे दलों के गठबंधन से मजबूती मिलेगी। इस सब के सहयोग से भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया जाएगा।

मेरठ में 7 दिसंबर की दबथुवा में होने जा रही सपा रालोद की संयुक्त रैली में बड़ी संख्या में भीड़ जुटाने की कोशिश है। शनिवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि रैली ऐतिहासिक होनी चाहिए जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में हो। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता ईमानदारी और जोश के साथ इसमें जुट जाएं। मेरठ जिला कार्यालय पर पहुंचने पर उन्होंने कार्यकर्ताओ को संबोधित कर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। वह अभी अगले चार दिन मेरठ में ही रहेंगे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उनके रुकने की व्यवस्था की गई है।

मेरठ पहुंचने पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार चुनाव में महंगाई भ्रष्टाचार और विकास मुख्य मुद्दा होगा।  भाजपा ने जनता के साथ धोखा किया है बड़े-बड़े वादे करके कोई भी काम नहीं किए। पिछली सरकारों के जो काम थे उन्हें परियोजनाओं के फीता काटकर अपना नाम कर लिया।  विकास के नाम पर सिर्फ ढिंढोरा पीटा है। 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मथुरा से संबंधित बयान पर उन्होंने कहा कि उनका कार्य सड़कों को गड्ढा मुक्त कराना नई सड़कें बनवाने का है लेकिन वह कार्य से हो नहीं रहा है, तो अब जनता को गुमराह करने के लिए समाज को बांटने के लिए ऐसे बयान बाजी कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि 2022 में परिवर्तन होगा, अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा जुमलेबाजों की पार्टी है चुनाव आने पर ऐसे जुमले छोड़ती रहती है। जनता अब समझ गई है। महंगाई से आम जन-मानस परेशान है। खाद्य सामग्री से लगातार पेट्रोल तक में आग लगी हुई है। कुटीर उद्योग बंद हो रहे हैं। किसान-मजदूर सब बेहाल है। भाजपा सरकार किसान विरोधी और उद्योगपतियों की हिमायती है। किसान लगातार न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार नहीं दे रही है। ऐसे में सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है।

उन्होंने कहा कि सात दिसंबर की रैली ऐतिहासिक होगी बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे अखिलेश यादव की कई रैलियों में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे।  इससे भाजपा की नींद उड़ी हुई है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, पूर्व जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी आदि नेता मौजूद रहे।