
मोदीनगर. पहले देश के किसानों की स्थिति क्या थी, यह सबको पता है। किसानों की स्थिति में बदलाव लाने के लिए जो कुछ भी भाजपा ने किया, वह दूसरी सरकार नहीं कर सकीं। यह बात किसान भी भली-भांति जानते हैं। भाजपा मजहब, जाति, क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर विकास की राजनीति करती है। यह बातें राज्यमंत्री उदयभान सिंह यहां हापुड़ रोड स्थित एवीएस गार्डन में आयोजित किसान सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि कह रहे थे। उन्होंने कहा कि किसानों की बेहतरी के लिए केंद्र व राज्य सरकार दिन रात काम कर रही है। उन्होंने किसानों को इतिहास भी बताया। कहा कि महाराजा सूरजमल, गोकुला जाट, चौधरी चरण सिंह जैसे महापुरुषों ने किसानों को मजबूत करने के साथ ही उनको उनके अधिकार बताए। राज्यमंत्री ने केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना समेत किसानों के हित में चलाई गईं तमाम योजनाओं की भी किसानों को जानकारी दी।
सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि किसानों की मेहनत से ही सबका पेट भरता है। इसलिए किसानों पर सब निर्भर हैं। पहले खाद, बीज के लिए भी किसानों पर लाठीचार्ज होता था। लेकिन आज ऐसा नहीं है। सरकारी स्कूलों का कायाकल्प हुआ ताकि भविष्य बेहतर हो सके। रिश्वतखोरी बंद हुई और किसान, मजदूरों के बच्चों को सरकारी नौकरियां मिलीं। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ईमानदार कौम किसान है। जमीन से जुड़े लोग संस्कृति के सच्चे रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को टयूबवेल के लिए मुफ्त बिजली देने की दिशा में काम कर रही हैं। जिलाध्यक्ष दिनेश सिंहल, विधायक डा. मंजू शिवाच, ब्लाक प्रमुख सुचेता सिंह ने भी किसानों को सरकार की योजनाएं गिनाई। मंच संचालन किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गूजर, अंकुर विजय सिंह, डा. देवेंद्र शिवाच, विनोद वैशाली, सतेंद्र त्यागी, पुष्पेंद्र रावत, प्रताप सिंह, पूर्व चेयरमैन रामआसरे शर्मा, अमित विद्यापुर, नितिन मित्तल आदि अनेक लोग मौजूद रहे।